National News नई दिल्ली (व्हीएसआरएस न्यूज) भारत के सबसे उम्रदराज अरबपति और महिंद्रा एंड महिंद्रा के एमेरिटस चेयरमैन केशब महिंद्रा का बुधवार 12 अप्रैल 2023 को निधन हो गया। 99 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। हाल ही में जारी फोर्ब्स की 2023 की बिलेनियर्स लिस्ट में उन्हें भारत के 16 नए अरबपतियों में शामिल किया गया था। वे अपने पीछे 1.2 अरब डॉलर की संपत्ति छोड़ गए हैं। उन्होंने 48 वर्षों तक महिंद्रा ग्रुप का नेतृत्व करने के बाद 2012 में चेयरमैन का पद छोड़ दिया था।
1963 में संभाली महिंद्रा ग्रुप की कमान
दिवंगत केशब महिंद्रा का जन्म 9 अक्टूबर 1923 को शिमला में हुआ था। उन्होंने 1947 में अपने पिता की कंपनी में काम करना शुरू किया था। इसके बाद 1963 में उन्हें महिंद्रा ग्रुप का चेयरमैन बनाया गया था। केशब महिंद्रा, उद्योगपति आनंद महिंद्रा के चाचा थे और अभी तक महिंद्रा एंड महिंद्रा के चेयरमैन एमेरिटस थे। साल 2012 में उनके ग्रुप चेयरमैन पद से रिटायर होने के बाद आनंद महिंद्रा को ये जिम्मेदारी मिली थी।
पूर्व चेयरमैन केशब महिंद्रा के निधन से पूरे कॉरपोरेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उम्र का शतक लगाने से ठीक पहले अरबपतियों की लिस्ट में वापसी करने को लेकर वे बीते दिनों सुर्खियों में थे और कुछ दिन बाद ही उनके निधन की खबर आई। केशब महिंद्रा ने अमेरिका की पेन्सिलवेनिया यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट किया था। 1963 में महिंद्रा ग्रुप की कमान संभालने के बाद उन्होंने कंपनी को नई ऊंचाई दी।