National News नई दिल्ली (व्हीएसआरएस न्यूज) 26 दलों के विपक्षी गठबंधन ’इंडिया’ ने 2024 के लिए कमर कस ली है। अगले लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समेत दो दर्जन से अधिक छोटी-बड़ी पार्टियों का यह गठबंधन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजय रथ को रोक पाएगा या नहीं यह एक बड़ा सवाल है। इसका सही जवाब तो लोकसभा चुनाव के बाद ही मिलेगा, फिलहाल दो सर्वे में भविष्यवाणी की गई है कि विपक्षी महागठबंधन के लिए अभी ’दिल्ली दूर’ है। शनिवार को जारी किए गए इंडिया टीवी- सीएनएक्स ओपिनियन पोल के मुताबिक देश में लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार बन सकती है।
सर्वे के मुताबिक, देश में अभी लोकसभा के चुनाव कराए जाएं तो एनडीए एक बार फिर 300 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी। पीएम मोदी की अगुआई में एनडीए गठबंधन 318 सीटों पर जीत की भविष्यवाणी की गई है। अकेले भाजपा 290 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। ’इंडिया’ गठबंधन 175 सीटों पर सिमट सकता है। अन्य के खाते में 50 सीटें जाने का अनुमान है। विपक्षी गठबंधन की धुरी और देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस एक बार फिर दोहरे अंकों में सिमट सकती है। कांग्रेस को महज 66 सीटें मिलने का अनुमान है।
आम आदमी पार्टी को बड़ा फायदा
सर्वे के आंकड़े यदि हकीकत में बदलते हैं तो आम आदमी पार्टी को बड़ा फायदा होगा। कांग्रेस से गठबंधन के बाद अरविंद केजरीवाल की पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन दिखा सकती है। ’आप’ को कुल 10 सीटों पर जीत मिलने की भविष्यवाणी की गई है, जबकि पिछले लोकसभा चुनाव में पार्टी को महज एक सीट पर जीत हासिल हुई थी। 2014 में आप को पंजाब में 4 सीटों पर जीत मिली थी। पिछले दोनों चुनाव में ’आप’ अकेले ही अखाड़े में उतरी थी।
दिल्ली में खुलेगा खाता, पंजाब में भी फायदा
अपने सबसे बड़े गढ़ और जन्मस्थली दिल्ली में आम आदमी पार्टी अब तक खाता नहीं खोल पाई है। इंडिया टीवी-सीएनएक्स सर्वे के मुताबिक, अभी लोकसभा चुनाव हो जाएं तो दिल्ली में पहली बार ’आप’ का खाता खुल सकता है। केजरीवाल की पार्टी को दिल्ली में 2 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान लगाया गया है। दिल्ली की सात सीटों में से 5 भाजपा को और 2 आप को मिल सकती है। भाजपा को 49 फीसदी वोट मिलने की भविष्यवाणी की गई है, जबकि आप को 29 और कांग्रेस को 19 फीसदी वोट मिलने की संभावना है। वहीं पंजाब में भी आप को 8 सीटों पर जीत मिलने की भविष्यवाणी की गई है।