नई दिल्ली । व्हीएसआरएस न्यूज़ : देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के हर दिन आ रहे नए केस के चलते हालत खराब होती जा रही है। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण पाने के लिए दिल्ली में छह दिन का मिनी लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। दिल्ली में आज रात 10 बजे से अगले सोमवार सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन लगया गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि यह लॉकडाउन बड़ी त्रासदी से बचने के लिए लगाया गया है। उन्होंने कहा कि जब कोई रास्ता नहीं बचा था, तब लॉकडाउन का फैसला लिया गया है।
केजरीवाल ने इस दौरान प्रवासी कामगारों से अपील की कि वह दिल्ली छोड़कर बाहर न जाएं। उन्होंने कहा कि यह ‘छोटा लॉकडाउन है, घबराए नहीं, मज़दूर भाई-बहन लौटकर न जाएं। केंद्र सरकार से पूरा सहयोग मिल रहा है।’ मैं हूं ना, मुझपर भरोसा रखिये। दिल्ली सरकार आपका पूरा ध्यान रखेगी।
आप को बताते चलें कि दिल्ली में एक हफ्ते का लॉकडाउन लगाने की घोषणा की गई है। यह पूर्ण लॉकडाउन आज रात 10 बजे से शुरू होगा और अगले सोमवार यानी 26 अप्रैल की सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान केवल अनिवार्य सेवाओं से जुड़े लोगों को ही सड़क पर बाहर निकलने की अनुमति दी जाएगी। शादी के मामलों में केवल 50 लोगों को शामिल होने की अनुमति होगी। इसके लिए लोगों को प्रशासन से अपने पास बनवाने होंगे।
दिल्ली में रविवार को 25,462 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 20,159 लोग रिकवर हुए और 161 की मौत हो गई। अब तक यहां 8.79 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 7.66 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 12,121 मरीजों की जान चली गई। 74,941 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है