नई दिल्ली(व्हीएसआरएस न्यूज) अगले महीने से पूरे देश में त्योहारों का सीजन शुरू हो जाएगा। इसका असर बैंकों के कामकाज पर भी पड़ेगा। ऐसे में अगले महीने बैंक आधा महीना यानी करीब 15 दिन बंद रहेंगे। हालांकि इनमें स्थानीय स्तर पर छुट्टियों के हिसाब से बैंक की छुट्टियां रहेंगी।
त्योहारी सीजन के दौरान बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इस बार अक्टूबर में गजटेड, स्थानीय और दूसरा-चौथा शनिवार व रविवार मिलाकर बैंकों में करीब 15 दिन छुट्टियां रहेंगी। हालांकि लोगों की सुविधा के लिए एटीएम में पर्याप्त नकदी की व्यवस्था रहेगी और ऑनलाइन व मोबाइल बैंकिंग भी चलती रहेगी, जिससे लोगों को काफी कम परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
छुट्टियों की शुरुआत इस बार 2 अक्टूबर को गांधी-शास्त्री जयंती से होगी जो शुक्रवार को पड़ेगा। आरबीआई की वेबसाइट के अनुसार अक्टूबर माह में दूर्गा पूजा, महासप्तमी,महानवमी,दशहरा, मिलाद-ए-शरीफ, ईद-ए-मिलाद-उल-नबी बारावफात/लक्ष्मी पूजा,सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती/महर्षि वाल्मीकि जयंती/कुमार पूर्णिमा के मौके पर अलग-अलग राज्यों में बैंकों की छुट्टी रहेगी। इसमें 2 अक्टूबर शुक्रवार को महात्मा गांधी जयंती पर गजटेड छुट्टी है। 4 अक्टूबर रविवार है। 8 अक्टूबर गुरुवार चेहल्लुम को स्थानीय छुट्टी,10 अक्टूबर को दूसरे शनिवार का अवकाश होगा। 11 अक्टूबर को रविवार है व 17 अक्टूबर शनिवार को कटि बिहु की स्थानीय छुट्टी है। 18 अक्टूबर को रविवार है व 23 अक्टूबर शुक्रवार दुर्गा पूजा/महासप्तमी को स्थानीय छुट्टी। 24 अक्टूबर शनिवार को महाअष्टमी/महानवमी की स्थानीय छुट्टी है। 25 अक्टूबर रविवार को साप्ताहिक अवकाश होगा। 26 अक्टूबर सोमवार को विजयादशमी की गजटेड छुट्टी है। 29 अक्टूबर गुरुवार को मिलाद-ए-शेरिफ की स्थानीय छुट्टी रहेगी। 30 अक्टूबर शुक्रवार को ईद-ए-मिलाद की गजटेड छुट्टी है। 31 अक्टूबर को महर्षि वाल्मिकी व सरदार पटेल की जयंती व कुमार पूर्णिमा की स्थानीय छुट्टी रहेगी।
बैंकों की ये सभी छुट्टियां अलग-अलग राज्य और अलग-अलग त्योहार के चलते हैं। जिन राज्यों में स्थानीय छुट्टियां हैं, उनको छोड़कर अन्य राज्यों में बैंकिंग कामकाज सामान्य तरीके से होगा।