गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में महाशिवरात्रि के के अवसर पर शिवभक्तों की हुजुम उमड़ी। हर हर महादेव के नारों से पूरा माहौल गुंजायमान हो उठा। साथ ही शिव भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक कर सुख शांति समृद्वि की कामना की।
सुबह 4 बजे से पहुंचने लगे भक्त
जिले के विभिन्न शिवालयो में लोगो की भीड़ सुबह से ही देखने को मिली। हर कोई इस पावन अवसर पर भगवान भोले नाथ को जलभिषेक और दुग्धाभिषेक कर के भगवान भोले नाथ को प्रसन्न करने में जुटे रहे। वहीं प्राचीन शिव मन्दिर बालखण्डेश्वर महादेव के दरबार में लोगो की भीड़ उमड़ पड़ी थी। महाशिवरात्रि को लेकर भक्तों ने एक दिन पूर्व से ही तैयारी आरंभ कर दी थी। शिवमंदिर में सुबह चार बजे से ही भक्त पहुंच गए थे। सुबह सात बजे तक मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ जुट गई थी। मंदिर परिसर में भारी भीड़ उमड़ने के कारण लोगों को जल चढ़ाने में परेशानी का सामना भी करना पड़ा। हालांकि प्रशासन के द्वारा भक्तों की भीड़ को देखते हुए पुलिस के जवान तैनात किए गए थे। भगवान शिव पर जलाभिषेक करने के लिए लोगों को कतार लगाकर मंदिर में प्रवेश करवाया जा रहा था। मंदिर परिसर में भक्तों की काफी लंबी कतार देखी गई।
दो सौ वर्षों का है इतिहास
कहा जाता है कि जनता सिनेमा रोड स्थित बालखंडेव नाथ के मंदिर का इतिहास काफी पुराना है। ऐसी मान्यता है कि दो सौ वर्ष पहले जब हथुआ राज का राज हुआ करता था तब गोपालगंज शहर के बीचों बीच जहां बाल खंडेश्वर महादेव का मंदिर है उस स्थान पर हथुआ राज की छावनी हुआ करती थी।
इसी छावनी में कुछ सैनिक भी रहते थे। सैनिको द्वारा खेती करने के उद्देश्वय से जब खेत की जोताई की जा रही थी तभी हल द्वारा खेत से एक शिव लिंग निकली। लेकिन हल से शिव लिंग थोड़ी से खंडित हो गई।
स्थानीय लोग व सैनिकों द्वारा खंडित शिवलिंग को वही स्थापित कर एक छोटा सा स्थान दे दिया। और पूजा अर्चना करना शुरू कर दिए। धीरे धीरे यह बात आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई।लोगो की भीड़ जुटने लगी। स्थानीय लोगो ने जो भी सच्चे मन से मन्नते मांगी वह पूरी होती गई। जिसे लोग मन्नतनाथ के नाम से भी जानने लगे।