- मदद की जगह वीडियो बनाते रहे लोग
गोपालगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: उचकागांव थाना इलाके में आज ट्रैक्टर और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 11 लोग घायल हो गए। इनमें 8 साल का एक बच्चा भी है।
हादसे के वक्त मौके पर मौजूद एक युवक ने मानवता दिखाई और गंभीर तौर पर घायल एक बच्चे को वक्त रहते अस्पताल पहुंचाया। उसके अनुसार वहां मौजूद लोग हादसे का वीडियो बनाने में लगे थे। कोई घायलों की मदद नहीं कर रहा था।
वीरेंद्र कुमार यादव नाम के इस युवक ने हादसे में बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त हुए स्कॉर्पियो का लॉक खोला। इतना होने पर वहां मौजूद लोगों ने पहल करते हुए सभी घायलों को बाहर निकाला। फिर सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
ये लोग हैं घायल
घायलों में सीवान जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के भीखपुर गांव निवासी धर्मेद्र सिंह की पत्नी अनीता देवी, बेटा प्रतीक कुमार, बेटी ज्योति कुमारी, करीना कुमारी, कृष्णी कुमारी के अलावा विश्वनाथ सिंह की पत्नी उर्मिला देवी, बेटी रिंकू कुमारी, बेटा राजेश कुमार, धर्मेंद्र सिंह और चंद्रिका यादव का बेटा वीरेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार का बेटा बिट्टू कुमार शामिल है।
जानकारी के अनुसार सभी लोग स्कॉर्पियो से अपने गांव से थावे के दुर्गा मंदिर पूजा करने जा रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कॉर्पियो में जोरदार धक्का मार दिया। इससे स्कॉर्पियो सवार करीब 11 लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। इस बीच स्कॉर्पियो का गेट लॉक हो गया। सभी लोग उसमें ही दबे रहे और चीख पुकार मचती रही।
फिलहाल सभी को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। यहां तीन लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के देखरेख में सभी जख्मियों का इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शी युवक ने कहा कि वह एक रिश्तेदार को परीक्षा दिलवाने गोपालगंज जा रहा था। हादसे वाली जगह पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ थी। बहुत सारे लोग वीडियो बना रहे थे। लेकिन किसी ने लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजने में मदद नहीं की। मैंने स्कॉर्पियो का लॉक खोलकर सभी लोगों को बाहर निकाला। एक बच्चे की स्थिति गंभीर देखकर बाइक से उसे सदर अस्पताल पहुंचाया। बाद में एंबुलेंस बुलाकर सभी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।