International टोक्यो/नई दिल्ली(व्हीएसआरएस) जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंदो आबे के गोली लगने से निधन की खबर को दुनिया ने स्तब्ध कर दिया है। उनकी अचानक मौत पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएम ने ट्वीट करते हुए कहा कि उनका और मेरा कई साल पुराना जुड़ाब रहा। मैं गुजरात के सीएम के दौरान से उन्हें जानता था। पीएम ने अपने ट्वीट में 9 जुलाई को राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है।
शुक्रवार सुबह नारा शहर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिंजो आबे को एक शख्स ने पीछे से आकर गोली मार दी थी। हमले में आबे को छाती पर दो गोली लगी थी। तकरीबन 6 घंटे चले ऑपरेशन के बाद भी डॉक्टर आबे को बचा नहीं पाए। फिर उनकी मौत की आधिकारिक सूचना जारी हुई। आबे के अचानक निधन पर दुनियाभर में शोक छाया है। पीएम मोदी ने भी आबे के प्रति दिल में गहरा सम्मान जताया और उनकी मौत पर दुख व्यक्त किया।
कल एक दिन का राष्ट्रीय शोक
पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कल यानि 9 जुलाई को एक दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे के निधन पर पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ’मिस्टर आबे के साथ मेरा जुड़ाव कई साल पुराना है। मैं गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें जानता था और मेरे पीएम बनने के बाद भी हमारी दोस्ती जारी रही। अर्थव्यवस्था और वैश्विक मामलों पर उनकी तीक्ष्ण अंतर्दृष्टि ने हमेशा मुझ पर गहरी छाप छोड़ी।’
गौरतलब है कि 67 वर्षीय शिंजो आबे जापान के सबसे लंबे वक्त तक पीएम रहने वाले शख्स थे। वह 2006 से 2007 के दौरान और फिर 2012 से 2020 के दौरान पीएम रहे थे। उनके दादा भी जापान के प्रधानमंत्री थे और फिर उनके पिता जापा के विदेश मंत्री रहे थे। उधर, पुलिस ने आबे पर हमला करने वाले शख्स को तत्काल गिरफ्तार किया। 41 वर्षीय आरोपी की पहचान तेत्सुया यामागामी के रूप में हुई।
जानते हैं शिंजो आबे के हमलावर के बारे सबकुछ
1. शिंजो आबे पर हमला करने वाले शूटर का नाम तेत्सुया यामागामी है और वह जापान का एक स्थानीय व्यक्ति है।
2. हमलावर तेत्सुया यामागामी चुनावी सभा में पत्रकार बनकर आया था, जहां शिंजो आबे भाषण दे रहे थे।
3. हमलावर ने भाषण शुरू होने के एक मिनिट के भीतर ही शिंजो आबे पर हमला कर दिया।
4. कहा जा रहा है कि 41 वर्षीय हमलावर तेत्सुया यामागामी जापान की मिलिट्री में रह चुका है। उसने जापानी नौसेना (मेरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स) में सेवाएं दी हैं।
5. हमला करते वक्त तेत्सुया यामागामी पूर्व पीएम शिंजे ओबे से सिर्फ 10 फीट की दूरी पर था।
6. गोली लगते ही शिंजो बीच सड़क पर ही गिर पड़े।
7. जैसे ही हमला हुआ वहां अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए यामागामी को वहीं पर धर दबोचा।
8. हमले के लिए तेत्सुया यामागामी ने शॉटगन का इस्तेमाल किया। उस पर हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है।
9. रिपोर्ट के मुताबिक पूरे योजनाबद्ध तरीके से शिंजो आबे पर हमला किया गया।
10. तेत्सुया यामागामी हमला करने से पहले फोटो खींचने के बहाने शिंजो आबे के करीब आया।