गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: शहर के चंद्रगोखुल रोड में बुधवार को सामानों की खरीदारी करने आए युवक व उनके परिजनों के पास मौजूद रुपए से भरे बैग को झपट्टा मार गिरोह के सदस्यों ने उड़ा लिया। बैग गायब होने के बाद युवक ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। इसके बाद युवक ने झपट्टामार गिरोह की एक महिला व एक युवक को पकड़ कर उनकी जमकर पिटाई करने के बाद उन्हें पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच करने में जुट गई है।
घटना के संबंध में बताया गया है कि मांझागढ़ थाना क्षेत्र के भोजपुरवा गांव निवासी मनू कुमार सिंह अपने घर की महिला सदस्यों के साथ शादी समारोह की तैयारी को लेकर सामान की खरीदारी करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान जैसे ही मनू कुमार सिंह चंद्र्रगोखुल रोड में पहुंचे तो एक कपड़े की दुकान पर भीड़ ज्यादा होने के दौरान झपट्टामार गिरोह की महिलाओं ने मनू कुमार सिंह के घर की महिलाओं का पर्स उड़ा लिया। पर्स में करीब दस हजार नकदी सहित सोने की चेन व अन्य सामान थे।
बैग गायब होने के बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। झपट्टामार गिरोह के एक युवक व महिला सदस्य को देखकर उसे पकड़ कर मनू कुमार सिंह ने पूछताछ शुरू कर दी। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़े गए दोनों लोगों की पिटाई शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची नगर थाने की पुलिस ने दोनों पकड़े गए आरोपितों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए दोनों आरोपितों से पुलिस नगर थाने में पूछताछ कर रही है।