गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक सप्ताह पर हड़ताल पर गए सफाई कर्मियों ने सोमवार को शहर में आक्रोश मार्च निकाला। इसके साथ में ही शव यात्रा भी निकाली गई। नगर परिषद के कर्मियों ने कहा कि वे अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बिहार लोकल बॉडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा और बिहार राज्य और स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ 12 सूत्री मांग को लेकर शहरी निकायों का राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल 7 सितंबर से शुरू हुआ है।
इसके तत्वाधान में नगर परिषद कर्मचारी संघ गोपालगंज में पिछले 7 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। हड़ताल में शामिल सफाई कर्मियों का कहना था कि सरकार जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं करती है तब तक वह अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। सोमवार को सफाई कर्मी नगर परिषद कार्यालय से निकले और शहर के पोस्ट ऑफिस चौक, सिनेमा रोड, जंगलिया मोड़, आंबेडकर चौक होते हुए घोष मोड़ पर पहुंचे और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। इस बीच वे सत्यमेव जयते, इंकलाब जिंदाबाद व मज़दूर एकता जिंदाबाद के नारे भी लगा रहे थे।
उनका कहना था कि सरकार उनकी मांगों पर अगर जल्द से जल्द विचार नहीं करती है तो वह और उग्र आंदोलन भी करने को विवश हो जाएंगे। बताया जा रहा है कि अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन एंटक के महासचिव उमाशंकर प्रसाद के नेतृत्व में यह आयोजन किया गया था।
उधर सफाई कर्मियों के हड़ताल में रहने के कारण शहर के विभिन्न चौक चौराहों पर कूड़े का अंबार लग गया है। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।