गोपालगंज| व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के महम्मदपुर थाना में तैनात एक सहायक अवर निरीक्षक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद महम्मदपुर थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया। उधर करंट लगने से सहायक और निरीक्षक की मौत की सूचना मिलने के बाद गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर नरेश पासवान, नगर इंस्पेक्टर ललन कुमार, महिला थानाध्यक्ष अफशां परवीन, अनुसूचित जाति जनजाति थानाध्यक्ष जंगो राम, सब इंस्पेक्टर हृदयानंद रामव सहायक अवर निरीक्षक पंकज कुमार चौधरी समेत अन्य पुलिस बल की टीम सदर अस्पताल में पहुंची। ‘
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सिवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के रहने वाले महम्मदपुर थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक विनोद कुमार राम रविवार की सुबह स्नान करने के लिए थाना के छत पर गए हुए थे। इस बीच उन्हें करंट लग गया। जिससे वह अचेत हो गए। साथी पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी हुई तो इलाज के लिए उन्हें महम्मदपुर में स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लेकर पहुंचे। फिर डॉक्टरों से चेकअप कराया। चेकअप के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर घटना की सूचना मिलने के बाद सहायक अवर निरीक्षक के परिजन भी सदर अस्पताल में पहुंच गए और शव को देखकर दहाड़ मार कर रोने लगे।
एसपी आनंद कुमार मौके पर पहुंचने के बाद पूरे घटनाक्रम की जांच करने का आदेश सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नरेश पासवान को दी। उधर सहायक अवर निरीक्षक की मौत की सूचना मिलने के बाद सूबे के खान एवं भूतत्व मंत्री जनक राम चिराई घर के पास पहुंचे और मृत सहायक अवर निरीक्षक के परिजनों को सांत्वना भी दिए।