गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में एक महिला की दहेज के लिए हत्या कर दी गई और शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया। मृतका मीरगंज थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव के रंजीत सिंह उर्फ बुड्ढा की पत्नी निधि सिंह थी। घटना की सूचना मिलने के बाद मीरगंज थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया। जहां डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में मृतका के भाई व सिवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शामपुर गांव के निवासी बृजेश सिंह ने बताया कि उसकी बहन निधि सिंह की शादी करीब 5 वर्ष पूर्व रंजीत सिंह उर्फ बुड्ढा के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों तक पति-पत्नी का व्यवहार ठीक रहा। लेकिन बाद में ससुराल के लोग दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट व प्रताड़ित करना शुरू कर दिए थे। इसकी सूचना निधि सिंह ने अपने मायके वालों को दी थी। उधर गुरुवार की मध्यरात्रि करीब 2 बजे ससुराल के लोगों ने महिला की हत्या कर दी और हत्या की घटना को आत्महत्या के रूप में बदलने के लिए शव को फांसी के फंदे से लटका दिया। इसकी सूचना मिलने के बाद मायके वाले निधि सिंह के ससुराल पहुंचे और घटना की जानकारी मीरगंज थाना की पुलिस को दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया। बताया जा रहा है कि रंजीत सिंह और उसकी पत्नी निधि सिंह से कोई बच्चे नहीं हैं। मीरगंज थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि महिला के फांसी लगाकर मौत होने की सूचना मिली थी।
पुलिस मामले की छानबीन करने के लिए घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया है। मायके वाले हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।