बहराइच| व्हीएसआरएस न्यूज: शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग पर रोक के बावजूद रामगांव थाना क्षेत्र के गंभीरवा चौकी क्षेत्र के धर्मनपुर गांव में आयोजित समारोह में हर्ष फायरिंग की गई। गोली लगने से 10 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर पूरे मामले को दबाने का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी अनुसार रामगांव थाना क्षेत्र के धर्मनपुर गांव निवासी पृथ्वीराज के बेटी किरन की शादी हरदी थाना क्षेत्र के सिपहिया प्यूली निवासी चेतराम के लड़के आशीष संग तय हुई थी। शुक्रवार देर शाम बारात धर्मनपुर गांव निवासी पृथ्वीराज के घर पहुंची। बारात में चेतराम के चचेरे भाई जीवन लाल अपनी 10 वर्षीय बेटी काजल के साथ शामिल होने आए । द्वार पूजा की रस्म निभाई जा रही थी तभी जयमाल पड़ने के दौरान अवैध असलहे से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी गई। फायरिंग के दौरान वहां मौजूद काजल के सिर गोली लग गई। मौके पर चीख पुकार मच गया। आनन फानन में परिवारजन बालिका को लेकर मेडिकल कॉलेज बहराइच के लिए रवाना हुए, लेकिन कुछ दूर आने के बाद बालिका ने दम तोड़ दिया। देखते ही देखते शादी का माहौल मातम में तब्दील हो गया।
वही ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी पाकर गंभीरवा चौकी प्रभारी अमितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे ओर हर्ष फायरिंग की घटना को दबाने के प्रयास में जुट गए। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। मृतका के पिता जीवन लाल ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण स्पष्ट हो जाएंगे। मामले में अज्ञात लोगो के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किए जाने की बात थानाध्यक्ष ने कही। एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।