गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के विश्वंभरापुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में दोनों पक्षों की ओर से 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच रविवार की सुबह विवाद हुआ। इसके बाद दोनों पक्ष एक दूसरे को गाली गलौज करने लगे। इस बीच दोनों पक्षों की ओर से जमकर लाठी डंडा लोहे की रॉड चलने लगा। जिसमें दोनों पक्षों की ओर से करीब 10 लोग घायल हो गए। एक पक्ष की ओर से घायल सोनी कुमारी, निर्मला देवी और कैलाश राम शामिल हैं। जबकि दूसरे पक्ष की ओर से सुजीत राम, अनिल राम व अंजली कुमारी सहित अन्य लोग शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद मांझागढ़ थाना की पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है। उधर नगर थाना क्षेत्र के कोटवा गांव में पूर्व से चल रहे विवाद को लेकर भैंसुर ने भावज को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल भावज सीमा देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है।