सीवान| व्हीएसआरएस न्यूज: अनुमंडल प्रशासन एवं नगर परिषद द्वारा हाल के दिनों में चलाया गया अतिक्रमण मुक्ति अभियान इस शहर के लिए बेअसर साबित हो रहे हैं। वैसे तो कई बार अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। पर कुछ ही दिनों बाद उस जगह पर पुन: अतिक्रमण हो जाता है। अतिक्रमणकारियों व अधिकारियों के बीच चूहा बिल्ली का खेल जारी है। प्रशासन जब-जब सख्त होती है तो अतिक्रमण हट जाता है और फिर एक दो दिन बाद यथावत स्थिति हो जाती है। अतिक्रमण मुक्त करने की प्रशासनिक पहल बेकार साबित होती रहेगी।
शहर के व्यस्तम सड़कों पर बनी रहती है विकराल समस्या :
शहर में जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है। शहर के व्यस्तम गोपालगंज मोड़, जेपी चौक, थाना रोड, बबुनिया मोड़, महादेवा रोड, शांति वृट, डीएवी मोड़, स्टेशन रोड, सिसवन ढाला, सराय मोड़ सहित अन्य स्थानों पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। इससे समस्या और भी जटिल होती जा रही है। इस समस्या से आम लोगों को तो परेशानी होती ही है, गंभीर मरीजों को अस्पताल या निजी चिकित्सकों के यहां ले जाने में परिजनों को हताश होना पड़ रहा है। इस अभियान की असफलता का मुख्य कारण है वाहन खड़ा करने और फुटपाथी दुकानों को दुकान लगाने की जमीन की वैकल्पिक व्यवस्था न करना, जो दुबारा जैसे ही प्रशासन निष्क्रिय होती है फुटपाथी व वाहन चालक सड़क पर आ जाते हैं। बता दें कि शहर के एक बड़ी आबादी जो फुटपाथ पर है, अतिक्रमण हटाने के बाद उनके घरों में कैसे चूल्हे जलेंगे यह कभी भी किसी ने सोचा नहीं।
सिवान सदर अनुमंडल पदाधिकारी, रामबाबू बैठा ने बताया कि मैट्रिक परीक्षा के बाद शहर में अतिक्रमण अभियान चलाया जाएगा। जिन जगहों पर पुन: अतिक्रमण हुआ है, वहां सख्ती से कार्रवाई होगी।