कैमूर| व्हीएसआरएस न्यूज: पटना से मिले निर्देश के अनुसार शुक्रवार को दस बजे से दो बजे तक विभिन्न जगहों पर मास्क जांच अभियान चलाया गया। अनुमंडल प्रशासन भभुआ की ओर से कुल आठ टीम को पुलिस के साथ रवाना किया गया। टीम में दो सदस्य के साथ पुलिस बल रही। जहां बेतरी मोड़ पर स्थित मां मुंडेश्वरी गेट, पटेल चौक, जयप्रकाश चौक, सब्जी मंडी रोड़, सीवों चौक, बस स्टैंड, पुराना चौक सहित कई जगहों पर जांच अभियान चलाया गया। मास्क न होने पर 50 रुपये का जुर्माना लगाते हुए दो मास्क उपलब्ध कराया गया। मास्क जांच अभियान की भनक जैसे ही लोगों को लगी तो सभी लोगों के मुंह पर मास्क दिखने लगा। इस दौरान ई-रिक्शा, बाइक चालक, साइकिल चालक सहित अन्य लोगों से जुर्माना की राशि वसूली गई। पहले दिन सड़कों पर ही जांच अभियान शुरू हुआ। मास्क जांच अभियान के दौरान एक दो जगहों पर टीम से लोग उलझते हुए भी नजर आए। जांच के दौरान कई लोगों को समझाया भी गया कि उनको मास्क लगाना अनिवार्य है। मास्क जांच अभियान का पर्यवेक्षण करने के लिए भी पदाधिकारियों को नियुक्त किया गया था। इसके अलावा सभी बीडीओ, थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया था कि वो भी अपने क्षेत्रों में जांच अभियान चलाएं। 95 फीसद लोगों के चेहरे से गायब हो गया था मास्क
वही कोविड को लेकर सरकार की ओर से जब लॉकडाउन लगाया गया था तथा प्रशासन की कड़ाई से सभी के चेहरे पर मास्क दिखने लगा था। लेकिन जैसे ही अनलॉक हुआ तथा ढील दी गई वैसे ही सभी के चेहरों से मास्क गायब होने लगे। विधानसभा चुनाव के दौरान सोशल डिस्टेंसिग तथा अन्य त्योहारों में मास्क का उपयोग कम होने के बाद तथा प्रशासन के एक्टिव न होने के बाद मास्क का प्रयोग बंद हो गया था। लगभग पांच प्रतिशत लोग ही मास्क लगाकर बाजार आ रहे थे। 95 प्रतिशत लोग बिना मास्क के ही आते जाते है। दुकानों में भी कोविड के गाइडलाइन का पालन लगभग समाप्त हो चुका है। सभी जगहों पर सोशल डिस्टेंसिग की धज्जियां उड़ रही है। दुकानों में भी मास्क अनिवार्य नहीं :
आपको बताते चले कि दुकानों में भी मास्क का उपयोग न के बराबर हो गया है। ना ही सैनिटाइजेशन हो रहा है और न ही सोशल डिस्टेंसिग। कोविड के गाइडलाइन का पालन कोचिग संस्थान आदि में भी नहीं हो रहा है। कई मॉल में अब भी बिना मास्क के प्रवेश हो रहा है। नगर के सीटी पार्क में भी कोविड के गाइडलाइन का पालन नहीं है। कुल मिलाकर ढ़ील देने के बाद लोगों में भय समाप्त हो चुका है। कोविड से लोगों को भय नहीं रहा। कोविड के दौरान लोग जितना सैनिटाइजर या साबुन का इस्तेमाल कर रहे थे, अब वो भी बंद हो गया है। नगर से तथा बस स्टैंडों से खुलने वाले वाहनों में भी कोविड के मानक का ध्यान नहीं है।