नवादा| व्हीएसआरएस न्यूज: वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के बाघी बरडीहा मोड़ के समीप एसएच 83 वारिसलीगंज रोड पर शुक्रवार की सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बाघी ग्रामीण लक्ष्मण प्रसाद के रूप में की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।
इस बारे में बाघी बरडीहा पंचायत के पूर्व मुखिया राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि बाघी ग्रामीण लालजीत यादव का पुत्र लक्षमण यादव बाघी बरडीहा मोड़ पर ही घर बना कर रहता था। वह ऑटो चलाकर जीवनयापन करता था। सुबह करीब साढ़े सात बजे काफी कुहासा था। इसी दौरान बाघी बरडीहा मोड़ के पास एनएच को लक्षमण पार कर रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में गंभीर रूप से लक्षमण जख्मी हो गया। काफी देर बाद किसी की नजर पड़ी। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसकी खबर मिलते ही स्वजन पहुंच गए। शव देखकर वे दहाड़े मारकर रोने लगे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। वारिसलीगंज थाने की पुलिस पहुंची और शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया।
आपको बताते चले कि ठंड की वजह से सुबह से लेकर दिन के 10 बजे तक कुहासा काफी घना रहता है। इस कारण दृश्यता काफी कम हो जाती है। एनएच पर वाहनों की रफ्तार थम जाती है। ऐसे में हादसे की आशंका बढ़ जाती है। इसी कड़ी में शुक्रवार की सुबह यह हादसा हुआ है। ऐसे में वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वालों के लिए भी सतर्कता काफी जरूरी होती है। खासकर सड़क पार करते समय बहुत अधिक सावधानी बरतना चाहिए। वरना यह जानलेवा हो सकता है।