रोहतास| व्हीएसआरएस न्यूज: अकोढी गोला थाना क्षेत्र के बांक में पोखरा के शिव मंदिर के पास गुरुवार की रात अपराधियों ने 24 वर्षीय युवक की चाकू से गोद कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद युवक के शव को धान के बोझे के नीचे छिपा दिया। शुक्रवार की सुबह बोझा हटाने पहुंचे किसान से शव देखा तब लोगों को इसका पता चला। मृतक गांव के ही स्व राजू शर्मा का 24 वर्षीय पुत्र विश्वजीत कुमार था। पुलिस ने शव को सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना से सनसनी फैल गई है। बताया जाता है कि गांव के किसान जब सुबह में धान का बोझा हटाने गए तो वहां खून के छींटे देखे। इसके बाद आगे बोझा हटाया तो वहां खून से लथपथ विश्वजीत का शव पड़ा था। किसान यह देखकर हक्का-बक्का रह गया। उसने शोर मचाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। युवक के पूरे चेहरे पर चाकू से गोदने के निशान थे। शरीर के अन्य हिस्से पर भी जख्म थे। मृतक की मां शीला कुंवर गांव की ही एक महिला पर आरोप लगा रही थी। उसका कहना था कि गांव की एक महिला से विश्वजीत हमेशा मोबाइल पर बातें करता था। इसको लेकर वह बार-बार उसे टोकती थी।
फ़िलहाल गुरुवार को उसने गुस्से में विश्वजीत का मोबाइल भी छीन लिया था ताकि वह उससे बातें नहीं करे। देर शाम गांव का ही अमरजीत नामक एक युवक आया। उसने कहा कि उसे ट्रेन पकड़ना है। रात करीब दस बजे विश्वजीत उसे ट्रेन पकड़ाने के लिए चला। तब उसने मां से कहा कि वह अपना मोबाइल उसे दे दे ताकि बातें हो सके। तब वह अपनी मां का मोबाइल लेकर निकला था। रात में वह लौटा नहीं। मोबाइल पर बातें भी नहीं हो पा रही थी।
वही जानकारी के मुताबिक विश्वजीत कुमार ने करीब दस वर्ष पूर्व गांव के ही एक युवक की हत्या कर दी थी। अमरजीत नामक वह युवक भी आपराधिक प्रवृत्ति का था। घटना के समय विश्वजीत नाबालिग था।