पश्चिम चंपारण| व्हीएसआरएस न्यूज: नरकटियागंज- रामनगर मुख्य मार्ग में मंझरिया गांव के पास पुल के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। ऐसा प्रतीत होता है कि किसी अन्य स्थान पर हत्या कर शव को नदी किनारे फेंक दिया गया है। सूचना पर शिकारपुर पुलिस घटनास्थल पहुंचकर छानबीन में जुटी है। मृतक के पास से मोबाइल व अन्य सामान बरामद किया गया है। जब्त सामान से प्रतीत हो रहा है कि मृतक किसी वाहन का चालक है।
आशंका व्यक्त की जा रही है कि वाहन लूटने की घटना के दौरान उसकी हत्या कर दी गई हो। हलाकि पुलिस घटनास्थल पर मिले मोबाइल से उसके बारे में पता लगा रही है। आसपास के लोगों द्वारा भी मृत व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं की जा सकी है। घटनास्थल पर पहुंचे एसडीपीओ कुन्दन कुमार ने बताया कि शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। मृतक के पास से मोबाइल व अन्य कागजात बरामद हुए हैं। पहचान के साथ साथ घटना की छानबीन की जा रही है।