पश्चिम चंपारण| व्हीएसआरएस न्यूज: रामनगर प्रखंड के बनकटवा करमहिया पंचायत के शीतलबारी व सेमरहनी दोन गांव में सोलर प्लांट से मिल रही विद्युत सप्लाई बार बार बाधित हो रही। जिससे परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को प्लांट के सामने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। वार्ड 13 की सदस्य रामदुलारी देवी, मालिक गुमस्ता, मदन पावे, सीता देवी, सरिता देवी, नीरू देवी, यशवंत महतो व विशुनदेव महतो ने बताया कि प्लांट से कम समय तक सप्लाई मिलती है। महीनों से ऐसी स्थिति कायम है।
वही पहले धूप नहीं निकलने का हवाला दिया जा रहा था। अब जबकि प्रतिदिन धूप निकल रही, फिर भी आपूर्ति व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सुबह में महज एक घंटे ही आपूर्ति मिलती है। वहीं शाम को छह बजे बिजली आती है तथा रात के 10 बजते बजते आपूर्ति काट दी जाती है। वनवर्ती इलाका होने के कारण रात में अंधेरे के कारण वन्यजीवों का खतरा सताता रहता है। ग्रामीणों ने मांग की कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अविलंब सु²ढ़ किया जाए।