औरंगाबाद| व्हीएसआरएस न्यूज: दाउदनगर अनुमंडल मुख्यालय से सटे ग्राम पंचायत हर्रई में गुरुवार की दोपहर दर्दनाक हादसा हुआ। धान के बोझे में लगी आग से डेढ़ वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से कोहराम मच गया। बच्चे के माता-पिता का विलाप हर किसी की आंखों को नम कर रहा था। बच्चा जटुनी राजवंशी का पुत्र इंद्रजीत कुमार था। अगलगी की इस घटना में एक हजार से अधिक धान का बोझा भी राख हो गया।
बोझे पर बैठा हुआ था बच्चा
मिली जानकारी अनुसार धान के हजारों बोझे रखे हुए थे। जिसमे अचानक आग लग गई। मजदूर जटुनी राजवंशी का डेढ़ वर्षीय पुत्र इंद्रजीत उस समय धान के बोझे पर बैठा था। अगलगी की अफरातफरी में माता-पिता का ध्यान उधर नहीं गया। थोड़ी देर बाद बच्चे का ख्याल आया तो परिजन दौड़े। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। धान के बोझे के बीच बैठा इंद्रजीत जिंदगी की जंग हार गया। इधर आग की भीषण लपटों को देख थाने को सूचना दी गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड पहुंचा। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गौतम, पूर्व मुखिया अनिल सिंह आदि पहुंचे। आग बुझाने का प्रयास किया गया । लेकिन एक घंटे बाद भी आग नहीं बुझी थी। घटना के बाद जटनी राजवंशी, उसकी पत्नी प्रमिला देवी बेसुध हो गए। दादा मोरीलाल राजवंशी का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्हें सांत्वना देने वाले का कलेजा भी छलनी हो रहा है।
आपको बताते चले कि इस घटना ने कई किसानों के मुंह का निवाला छीन लिया है। मेहनत की उपज कुछ ही देर में राख में तब्दील हो गई है। इससे उनके चेहरे भी मायूस है। हालांकि किसानों का कहना था कि धान जलने का उतना गम नहीं है, जितना बच्चे की मौत का। बच्चे की मौत से सभी आहत हैं।