राजकोट। व्हीएसआरएस न्यूज: गुजरात के राजकोट में आज शुक्रवार को अहले सुबह एक निजी कोविड अस्पताल में भीषण आग लगने से पांच मरीजों की जिंदा जलकर मौत हो गई। कई अन्य मरीज भी झुलस गए, उन्हें दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार माना जा रहा है कि अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से आग लगी है|
मिली जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक घटना राजकोट के मावड़ी इलाके में स्थित शिवानंद अस्पताल के आईसीयू में हुई। कोविड अस्पताल होने की वजह से अस्पताल के आईसीयू में 11 मरीज भर्ती थे। इन्हें मिलाकर अस्पताल में कुल 33 मरीज भर्ती थे। कई मरीज आग की ऊंची लपटों में घिरकर झुलस गए। उन्हें घायल अवस्था में दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।
राजकोट के विपक्ष के नेता वशराम सगथिया ने कहा कि अस्पताल में सभी अग्नि सुरक्षा उपकरण थे, लेकिन आग के समय उनका इस्तेमाल नहीं हो पाया| जिससे इतनी तबाही हम सबके सामने है| राजकोट शहर के मेयर बिनाबेन आचार्य भी घटना की जानकारी पर उदय शिवानंद अस्पताल पहुंचीं| मीडिया से बातचीत में बिनबेन आचार्य ने कहा कि अस्पताल में आग लगी है और सभी उपकरणों के बावजूद दुर्घटना को रोका नहीं जा सका| मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है| सभी मरीजों को कुवाडवा रोड पर गोकुल अस्पताल में ट्रांसफर कर दिया गया है|
पुलिस आयुक्त मनोज अग्रवाल भी घटना की जानकारी पर उदय कोविद अस्पताल पहुंचे| अग्रवाल ने भी आईसीयू का दौरा किया जहां आग लगी थी| आईसीयू का दौरा करने के बाद अग्रवाल ने कहा कि यह बहुत दुखद है कि इस घटना में रोगियों की मौत हो गई| मृतकों की पहचान रामसिंहभाई, नितिनभाई बदानी, रसिकलाल अग्रवाल, संजय राठौर और केशु अकबरी के रूप में हुई है| पूरे मामले में एफएसएल टीम की भी मदद ली गई है|
आपको बताते चले की आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया गया है कि आग की शुरुआत अस्पताल के आईसीयू से हुई थी| अधिकारियों ने बताया कि अभी मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने और अन्य कार्यों पर ध्यान दिया जा रहा है।