छपरा । व्हीएसआरएस न्यूज: छपरा जिले में मांझी थाना क्षेत्र में छठ घाट पर फायरिंग में पांच लोगों को गोली लग गई। बताया जा रहा है कि घायलों में से दो की हालत चिंताजनक है। घटना मुबारकपुर छठ घाट पर शुक्रवार की देर शाम हुई। फायरिंग के आरोपित की शिनाख्त 20 दिन पहले जेल से छूटकर आए नौटंकी सिंह के रूप में की गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार घायलों में गिरिजा देवी, ऋतिक सिंह व सोनू सिंह को छपरा रेफर किया गया था। इनमें से दो को गंभीर हालत में पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। वारदात के अन्य घायलों गोलू सिंह और सुधीर सिंह का इलाज एकमा के अस्पताल में चल रहा है। वही फायरिंग करने वाला नौटंकी सिंह पुराना अपराधी है और 20 दिन पहले ही जेल से छूटकर आया है। वह काफी संख्या में गोलियां लेकर घाट पर पहुंचा था। उसके स्वजन भी इसी घाट पर छठ कर रहे थे। काफी उत्साह में दबंगई दिखाने के इरादे से वह घाट पर ही फायरिंग करने लगा। इस दौरान पांच लोगों को गोली लग गई।
घटनास्थल के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं। उनमें आरोपित को काफी देर तक घाट पर फायरिंग करते देखा जा रहा है। किसी ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की। प्रशासन ने तमाम छठ घाटों पर पुलिस और मजिस्ट्रेट की तैनाती का दावा किया था, लेकिन इस घटना से प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ गए हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि घटना के वक्त शायद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी ड्यूटी से गायब थे, या फिर उन्होंने पूरे मामले की अनदेखी की।
आपको बताते चले की सारण एसपी धुरत शायली सावलाराम ने बताया कि नौटंकी सिंह हाल-फिलहाल जेल से छूटा था। वह छठ घाट पर परिजनों के साथ मौजूद था। इस दौरान उसके द्वारा हर्ष फायरिंग की गई, जिसमें पांच लोग जख्मी हुए हैं। वह फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।