बक्सर । व्हीएसआरएस न्यूज:देश में 29 श्रम कानून को खत्म कर मात्र चार कानून बनाने और नये कृषि कानून बनाने के विरोध में देशव्यापी आम हड़ताल के समर्थन में भाकपा माले ने नावानगर प्रखंड मुख्यालय पर गुरुवार को धरना दिया। धरना की अध्यक्षता कॉमरेड रामदेव सिंह ने की और संचालन प्रखंड सचिव कॉ.हरेन्द्र राम ने किया।
वही धरना को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला कमिटी सदस्य व इंकलाबी नौजवान सभा के जिला संयोजक नीरज यादव ने कहा कि सरकार मजदूरों को पूंजीपतियों की दया पर छोड़ने की साजिश रच रही है। जब देश में बेरोजगारी समस्या चरम पर है, तब कंपनियों और उद्योगपतियों को अपने मन मुताबिक छंटनी करने का अधिकार बर्बादी लेकर आएगा। इन बदलावों से बड़े स्तर पर आर्थिक-सामाजिक तनाव पैदा होगा, क्योंकि इससे मजदूरों के रोजगार और सामाजिक सुरक्षा, दोनों ही खत्म हो जाएंगे।
आपको बताते चले की धरना को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला अध्यक्ष व पूर्व मुखिया कॉम रामदेव सिंह ने कहा कि देश की खेती-किसानी व खाद्य सुरक्षा को कारपोरेट के हाथ गुलाम बनाने के लिए मोदी सरकार नए कानून बना रही है। यह देश के किसानों के साथ धोखा है। धरना को सैमुद्दीन, नारायण दास, रासबिहारी पासवान, दिनेश यादव, अयोध्या सिंह, अशोक भर, रामाज्ञा महतो, महेश यादव, सुबोध, बिहारी यादव समेत अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया।