पटना| व्हीएसआरएस संवाददाता: बिहार में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है| एनडीए के कई नेता लगातार केके पाठक को हटाने की मांग पर अड़े हुए हैं| अब एक बार बीजेपी एमएलसी नवल किशोर यादव फिर से केके पाठक पर भड़के हैं| नवल किशोर यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 4 जून के बाद केके पाठक पर कार्रवाई करें|
उन्होंने कहा कि अगर केके पाठक की विदाई नहीं होती है तो एनडीए की विदाई हो सकती है| राज्यपाल ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर केके पाठक पर संज्ञान लेने के लिए कहा है| नवल किशोर यादव ने कहा कि केके पाठक शिक्षकों के साथ अमानवीय और अत्याचार व्यवहार कर रहे हैं| शिक्षा विभाग लूट खसोट और घोटाले का विभाग बन गया है|
नवल किशोर यादव ने कहा कि केके पाठक लगातार सरकार की बदनामी करवा रहे हैं| उन्होंने कहा कि ऐसे पागल को नीतीश कुमार पागलखाना भेजें| बता दें, बिहार के शिक्षा विभाग में जब से केके पाठक आए हैं, तब से ही यह विभाग सुर्खियों में बना हुआ है| उनके अलग-अलग देश से हड़कंप मचा रहता है| अब ताजा मामला अब औरंगाबाद से सामने आया है| बीपीएसएसी टीआरई-1 और टीआरई-2 के तहत शिक्षक पदों पर बहाल हुए बिहार से बाहर के कैंडिडेट्स की नौकरी खतरे में पड़ गई है|
इसको लेकर कार्यालय जिला शिक्षा पदाधिकारी, औरंगाबाद की ओर से सोमवार को एक पत्र जारी किया गया है| यह पत्र पटना हाईकोर्ट के आदेश के बाद आया है| कार्यालय जिला शिक्षा पदाधिकारी, औरंगाबाद की ओर से जारी में जिले के 10 शिक्षकों को नौकरी से मुक्त करने का निर्देश दिया गया है| इसमें गणित विज्ञान के दो, सामाजिक विज्ञान के तीन, अंग्रेजी के दो, हिंदी और संस्कृत के एक टीचर शामिल हैं| इस लिस्ट में शामिल सभी शिक्षक बिहार से बाहर के हैं|