थावे। व्हीएसआरएस संवाददाता: थावे थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में रविवार को हुई जमीनी विवाद को लेकर मारपीट व फायरिंग के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। थावे थानाध्यक्ष विशाल आनंद ने बताया कि नामजद आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस को जहां भी उनके छिपने का ठिकाना पता चल रहा है वहां ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सभी आरोपित घटना को अंजाम देने के बाद घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में उनके रिश्तेदार व दोस्तों के घर भी छापेमारी करने की योजना बना रही है। जल्द ही उन्हें दबोच लिया जायेगा। मालूम हो कि रविवार को जमीनी विवाद को लेकर मारपीट की घटना में 15 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे।
इनमें एक महिला व एक युवक गोली लगने से जख्मी हुए थे। इस मामले में जख्मी मनोज राम ने 8 नामजद व 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसके आधार पर पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।