गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने आज गोपालगंज में जनसभा को संबोधित किया।
मांझा प्रखंड के माधव उच्च विद्यालय के खेल मैदान में सभा को संबोधित करते हुए दोनों नेताओं ने पीएम मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। मुकेश सहनी ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा- हमको लगता है कि वो मुंबई के शाहरुख खान और सलमान खान को एक्टिंग करने में फेल कर देंगे।
वहीं, सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि डॉक्टर ने हमें बेड रेस्ट के लिए कहा है, लेकिन हमने ठान लिया है कि जब तक मोदी जी को बेड रेस्ट नहीं करा देंगे, तब तक आराम नहीं करेंगे। मोदी जी सबसे आसान राजनीति करते हैं और वह राजनीति क्या है? वह राजनीति नफरत की राजनीति है। हिंदू को मुसलमान से लाड़वा दो, दंगा करवा दो और राज करते रहो।
गोपालगंज के धरती पुत्र हैं लालू जी
तेजस्वी यादव ने कहा कि मोदी जी ना तो महंगाई पर बोलेंगे, ना ही बेरोजगारी और गरीबी पर बोलेंगे। बिहार में आज मोदी जी तीन-तीन सभा कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें पता है- भाजपा का अब सफाया होने वाला है। मोदी जी जहां जाएंगे, एक ही बात कहेंगे। मंदिर, मस्जिद, इस्लाम, सनातन, हिंदू-मुस्लिम बस।
पढ़ाई, दवाई, सिंचाई की बात नहीं करेंगे। हम गोपालगंज के हैं। यहां हमारा घर है और फुलवरिया ननिहाल है। हम लोगों को बीजेपी वाले झुकाने की कोशिश में है। कैसे भी झुक जाएं, उनसे डर जाए। इसलिए केस मुकदमा करवाते है। ईडी-सीबीआई करवाते हैं।
लेकिन, आज तक गोपालगंज के धरती पुत्र लालू जी भाजपा के आगे झुके नहीं है। जब लालू जी नहीं डरे तो लालू जी का लड़का भी नहीं डरने वाला। हम बिहारी हैं, बिहार से गुजराती डरा देगा? जब तक उन्हें सत्ता से बेदखल नहीं कर देते, तब तक चैन से बैठने वाले नहीं है। हम लोग कलम बांटते हैं, वे लोग तलवार बांटते है।
हमारे संविधान को दिल्ली में बैठी सरकार नहीं मानती- सहनी
वहीं, मुकेश सहनी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा की आज हमारा देश का संविधान खतरे में है। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के बनाए हुए संविधान को दिल्ली में बैठी सरकार नहीं मानती। ये राज्य में सरकार को गिरा देते हैं। विधायक और सांसद को खरीद लेते हैं, क्योंकि इनके पास पैसा है।
देश की जनता का अपमान करते हैं। 16 हजार करोड़ रुपया भाजपा को चंदा में मिला। उनका एक स्कीम चलता था- चंदा दो और धंधा लो। वह बिहार में आकर ऐक्टिंग करेंगे। बिहार में आकर रोएंगे।
शाहरुख-सलमान को एक्टिंग में फेल कर देंगे
पीएम मोदी और बीजेपी पर हमला जारी रखते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि हमारे रामविलास पासवान की मूर्ति को खंडित किसने किया था? किसने उनके परिवार से अलग किया था? किसने उनके पार्टी को तोड़ा? किसने उनके परिवार को लड़वाया? आज बिहार में आए हैं और स्व. रामविलास पासवान जी को याद कर रहे हैं। एक्टिंग कर रहे हैं। यह मगरमच्छ की आंसू बहा रहे थे या। हमको लगता है कि मुंबई के शाहरुख खान और सलमान खान को एक्टिंग करने में फेल कर देंगे।