- बरौली के बूथ संख्या-223 पर वोट का बहिष्कार।
गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: गोपालगंज लोकसभा क्षेत्र में वोटिंग खत्म हो गई है। शाम 6 बजे तक 50.70% वोटिंग हुई है। यहां 2019 में 55.78% मतदान हुआ था। कुचायकोट में मतदान को प्रभावित करने के आरोप में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर कुचायकोट थाना पुलिस ने कार्रवाई की है।
बूथ संख्या 113,117 और 128 पर भीड़ जुटाने के लिए मना किया जा रहा था लेकिन वो लोग नहीं मान रहे थे, जिसके कारण चारों को हिरासत में लिया गया है।
जिले के मीरगंज नगर परिषद में जैसे-जैसे गर्मी तेज हुई, वैसे-वैसे लोगों ने घर से बाहर निकलने में भी आनाकानी की। दोपहर के समय पोलिंग बूथ पर हाल कुछ ऐसा था कि लोग सीधे जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे थे, उन्हें किसी भी लाइन में लगना नहीं पड़ रहा था।
वोट का किया बहिष्कार
मांझा प्रखंड के भटवलिया गांव में ढाला निर्माण नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने वोट का बहिष्कार कर दिया। बूथ संख्या-51 पर एक भी मतदान नहीं हुआ। बूथ संख्या-52 पर महज 10 वोट ही पड़े। अधिकारियों की टीम आक्रोशित लोगों को समझाने को काफी कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने।
दुबई एयरपोर्ट पर इंजीनियर राम प्रकाश तिवारी मतदान करने गोपालगंज आए हैं। उन्होंने पिपरा खास गांव के 286 नंबर बूथ पर मतदान किया।
बूथ संख्या-223 पर लोगों ने वोट का बहिष्कार
बरौली में वोट का बहिष्कार किया गया है। बरौली के बूथ संख्या-223 पर लोगों ने वोट का बहिष्कार कर दिया। रेलवे ढाला नहीं बनने से ग्रामीण नाराज थे। यहां एक भी मतदाता वोट देने नहीं पहुंचे।
कमला राय बूथ संख्या-136 पर 80 वर्षीय महिला समेत 18 लोग मतदान करने से वंचित रह गए थे। उनका वोटर लिस्ट में नाम था, जबकि मतदाता सूची चेक स्लिप में 1006 वोटरों का नाम दर्ज है। काफी मशक्कत के बाद वंचित मतदाताओं को मतदान करने की अनुमति मिली, जिसके बाद उनमें उत्साह देखा गया।
डीएम ने किया मतदान
डीएम मो. मकसूद आलम ने भी बूथ नंबर-12 से मतदान किया है। बूथों पर महिला, पुरुष, युवा, बुजुर्गों की लाइन लगी है। सभी अपनी बारी का वेट कर रहे हैं। वहीं, 90 साल की बुजुर्ग महिला सदर प्रखंड कार्यालय के बूथ संख्या 123 पर वोट देने पहुंची।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
2006 मतदान केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बलों की टुकड़ियां, बीएसएफ और स्थानीय पुलिस बल के अलावा दियारा इलाके में गश्त करने के लिए घुड़सवार की टीम को लगाया गया था। जादोपुर थाना प्रभारी विकास कुमार अपने दल बल के साथ पतहरा दियारा इलाके में घुड़सवार बीएसएफ और स्थानीय पुलिस के साथ गश्ती की है
गोपालगंज में 11 प्रत्याशी मैदान में
गोपालगंज से एनडीए, महागठबंधन, बसपा, एमआईएम समेत 11 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। एनडीए से डॉ. आलोक कुमार सुमन और महागठबंधन के प्रत्याशी प्रेम नाथ चंचल उर्फ चंचल पासवान के बीच आमने सामने की टक्कर है। इस लड़ाई में किसका पलड़ा भारी होगा यह 4 जून को स्पष्ट हो पाएगा।
जिले में 10 लेयर की सुरक्षा व्यवस्था
पूरे जिले में कुल 10 लेयर में सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जिसमें मतदान केन्द्रों पर तीन लेयर में केन्द्रीय अर्द्ध सैनिक बल, बिहार पुलिस और जिला पुलिस जवान की तैनाती की गई थी। संवेदनशील बूथों पर वेब कास्टिंग और वीडियोग्राफी की गई। इसके बाद सेक्टर, थाना, जोनल, सुपर जोनल, जिले को 245 सेक्टर, 40 जोन, 14 सुपर जोन, दो अनुमंडल व एआरओ स्तर पर बांटा गया था। हर स्तर पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी के साथ-साथ हथियारबंद जवान तैनात थे।
चौक-चौराहों पर पुलिस की टीम तैनात थी
इसके अलावा जिला मुख्यालय सहित अन्य क्षेत्रों के मुख्य चौक-चौराहों पर पुलिस की टीम तैनात थी। वहीं, घुड़सवार बीएसएफ के जवानों द्वारा सदर प्रखंड पतहरा गांव के साथ दियारा इलाके और बांधों पर भ्रमण कर असमाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही थी।