व्हीएसआरएस न्यूज़ (लाहुल,हिमाचल प्रदेश) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अटल टनल रोहतांग देश को समर्पित कर दी। इसके बाद अटल टनल से सफर कर दूसरे छोर पर लाहुल-स्पीति जिला के सिस्सू में पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी इसके बाद सोलंगनाला पहुंचे। पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेसी वोट की राजनीति के कारण डरते थे, इसलिए सुधार नहीं कर पाए। हमने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह सुधार किए हैं, सुधारों की जहां भी जरूरत होगी उसके लिऐ कड़े कदम उठाए जाएंगे ।
लाहुल के बाशिंदों को आज असल आजादी मिल गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटल टनल देश को समर्पित की। यह सुरंग लाहुल के लोगों सहित सेना को भी बल देगी। सेना की लेह लद्दाख में सीमा तक पहुंच आसान होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काेरोना काल के बीच हिमाचल में एक साथ तीन कार्यक्रमों में संबोधन किया। अटल टनल के साउथ पोर्टल में अधिकारियों को संबोधित किया। इसके बाद सिस्सू और सोलंग में दो जनसभाएं की। पीएम मोदी ने कृषि संबंधी सुधारों पर हो रहे विरोध पर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कांग्रेस भी सुधार करना चाहती थी, लेकिन वोट बैंक की राजनीति से डरती थी। यह सुधार किसानों के हित में हैं।
पीएम मोदी ने कहा, “सवा दस करोड़ किसानों के खाते में करोड़ों रुपए जमा किए गए हैं। हिमाचल प्रदेश के सवा नौ लाख किसानों के खाते में एक हजार करोड़ रुपए जमा किए गए हैं। पहले इतना पैसा जमा होता तो पता नहीं कहां पहुंच जाता, लेकिन अब छोटे किसानों के खातों में ये पैसा सीधे जमा हुआ है।“ पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण परिचित चेहरों से नहीं मिल पा रहा हूं। सदी बदल गई है, सोच भी बदलनी होगी। अटल टनल से संभावनाओं के द्वार खुले हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि अटल टनल से लाहुल क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। लाहुल के लोगों के लिए नई सुबह हुई हैं, अब पलायन पर रोक लगेगी।
प्रधानमंत्री साउथ पोर्टल से नार्थ पोर्टल के लिए खुली जिप्सी में रवाना हुए। नरेंद्र मोदी ने आपातकालीन टनल का जायजा लिया। पीएम मोदी ने लाहुल स्पीति जिला में टनल के दूसरे छोर नार्थ पोर्टल पर पहुंच कर बस को हरी झंडी दी। इस बस में लाहुल के बुजुर्गों ने सफर किया। प्रशासन ने 15 बुजुर्गों का चयन किया था, जिसमें से 14 लोग बस में सवार थे।
पीएम मोदी ने कहा यहां लंबा सफर कर पहुंचता था, सर्दी में यहां की दवाई पढ़ाई कैसे बंद होती थी, भलीभांति जानता हूं। पीएम मोदी ने ठाकुर सेन नेगी को याद किया। ठाकुर सेन नेगी ने मुझे इस क्षेत्र को समझने में मदद की। पीएम मोदी 1997 में हिमाचल भाजपा के प्रभारी रहे हैं, उस दौरान उन्होंने हिमाचल को बारीकी से देखा है।
पीएम मोदी ने कहा देरी से लागत तीन गुना बढ़ गई। सीमा क्षेत्र पर कनेक्टिविटी तेजी से होनी चाहिए, लेकिन सेना की जरूरतों को नहीं समझा गया। लदाख में दोलत बेग ओल्डी एयर स्ट्रिप 40 साल बंद रखी, ऐसी क्या मजबूरी थी। असम में पुल का काम अटल के समय शुरू हुआ था। कोसी महासेतु के काम पर ध्यान नहीं दिया गया। हमारी सरकार में पुल पर तेजी से काम किया।, “मेरा बहुत बड़ा सौभाग्य है जो अटल टनल के लोकार्पण का अवसर मिला।” बतौर भाजपा प्रभारी हिमाचल से गहरा नाता रहा है। अटल जी जब प्रीणी स्थित आवास पर आते थे तो वह तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के साथ उनसे मिलते थे। अटल जी से सुरंग निर्माण को आग्रह करते थे और बाद में यही प्रोजेक्ट उनका सपना बन गया। आज यह सपना पूरा हो गया। अभेद्य पीरपंजाल को भेदकर, आज कठिन स्थिति से पार पाया गया है। जान जोखिम में डालने वाले, जवानों, इंजीनीयरों मजदूरों को नमन करता हूं।
उन्होंने कहा, यहां के पहाड़ अटल जी को पसंद थे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के मित्र टशी दवा का संकल्प पूरा हुआ। लाहुल के लोगों की नई सुबह हुई है। पांगी वालों का सफर पांच घंटे कम हुआ। सर्दियों में मरीजों को संशाधनों की कमी में जीवन से हाथ धोते देखा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा मोदी ने हमेशा अटल टनल की चिंता की। अनुमानित लागत पर काम पूरा किया, बीआरओ बधाई का पात्र है। सामरिक दृष्टि से टनल महत्वपूर्ण है। अब रसद तेजी से सीमा पर पहुंचेगी। राजनाथ सिंह ने कहा जब टनल बननी थी तो मोदी हिमाचल के प्रभारी थे और आज प्रधानमंत्री के रूप में शुभारंभ कर रहे हैं, ये संजोग बहुत सुखद है।
डॉक्यूमेंट्री दिखाने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पीएम मोदी का स्वागत किया। सीएम ने कहा आज ऐतिहासिक दिवस, प्रदेश ही नहीं देश का सपना साकार हुआ। रोहतांग दर्रा लाहुल के विकास में बाधा था, जो अब दूर हुआ। हिमाचल छोटा राज्य है, लेकिन इसका देश के लिए योगदान हमेशा बड़ा रहा है। कारगिल युद्ध में चार में से दो परमवीर चक्र हिमाचल के जांबाजों को मिले।
सिस्सू में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा छह साल में मोदी ने भारत का मस्तिष्क दुनिया में ऊंचा किया है। हिमाचल देवभूमि ही नहीं शौर्य भूमि भी है। मेजर सोमनाथ, मेजर थापा, विक्रम बत्तरा की भूमि है। हिमाचल की धरती से भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष है। रोहतांग टनल शुरू होने के बाद लाहुल पूरी ताकत से आगे बढ़ेगा। अब राशन की कमी नहीं सताएगी, भंडारण नहीं करना पड़ेगा। लाहुल से व्यापार अब मनाली तक नही देशभर में होगा। चीन की सीमा पर देश के जवान खून व पसीना बहा रहे हैं। सीमा पर रहने वाले का सहयोग किसी बलिदान से कम नहीं है।
पीएम मोदी ने टनल के लोकार्पण के बाद अंदर अकेले भ्रमण किया। इसके बाद बीआरओ के डीजी से सुरंग के बारे में जानकारी ली। प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इसके बाद खुली जीप में सवार होकर टनल का भ्रमण किया। इसके बाद रोहतांग टनल के बाहर सामूहिक चित्र लिया गया। इस मौके पर पीएम मोदी सहित, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, सीडीएस विपिन रावत और सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे सहित बीआरओ के डीजी हरपाल सिंह मौजूद रहे।