नई दिल्ली(व्हीएसआरएस न्यूज) पुलिस ने टूलकिट मामले में 22 साल की पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि को गिरफ्तार किया है। इसका किसान और कांग्रेस नेताओं ने विरोध करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि एक निहत्थी लड़की से सरकार डर गई। राहुल गांधी, शशि थरूर और अरविंद केजरीवाल ने भी दिशा की गिरफ्तारी का विरोध किया है।वहीं भाजपा सांसद पीसी मोहन ने तंज कसते हुए कहा किबुरहान वानी भी 21 साल का था। अजमल कसाब भी 21 साल का ही था। उम्र केवल एक संख्या है।इसके अलावा अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की भांजी मीना हैरिस ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि सरकार कार्यकर्ता को निशाना क्यों बना रही है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने सरकार से पूछा है कि क्या किसानों के समर्थन वाली टूलकिट भारतीय सीमा में चीनी घुसपैठ से ज्यादा खतरनाक है?पुलिस ने दिशा को ग्रेटा थनबर्ग द्वारा किसान आंदोलन के समर्थन में शेयर की गई टूलकिट के मामले में रविवार को गिरफ्तार किया है। ग्रेटा ने कुछ दिनों पहले अपने ट्वीट के साथ एक टूलकिट शेयर की थी। हालांकि बाद में उन्होंने इसे डिलीट कर दिया था। पुलिस का आरोप है कि दिशा ने ही उसे सर्कुलेट किया था।
भारत को चुप नहीं कराया जा सकता: राहुल
कांग्रेस सांसद ने जलवायु कार्यकर्ता की टूलकिट मामले में हुई गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कहा कि भारत को चुप नहीं कराया जा सकता है। उन्होंने लिखा, ’बोल की लब आजाद हैं तेरे, बोल की सच जिंदा है अब तक। वो डरे हैं, देश नहीं। भारत को चुप नहीं कराया जा सकता।’
प्रियंका गांधी ने सरकार पर साधा निशाना
दिशा की गिरफ्तारी पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोमवार को ट्वीट कर लिखा, ’डरते हैं बंदूकों वाले एक निहत्थी लड़की से, फैले हैं हिम्मत के उजाले एक निहत्थी लड़की से।’
क्या चीनी घुसपैठ से ज्यादा खतरनाक है टूलकिट: चिदंबरम
कांग्रेस नेता ने ट्वीट कर कहा, ’यदि माउंट कार्मेल कॉलेज की 22 वर्षीया छात्रा और जलवायु कार्यकर्ता दिशा रवि देश के लिए खतरा बन गई है, तो भारत बहुत ही कमजोर बुनियाद पर खड़ा है। चीनी सैनिकों द्वारा भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की तुलना में किसानों के विरोध का समर्थन करने के लिए लाया गया एक टूलकिट अधिक खतरनाक है। भारत बेतुका रंगमंच बन रहा है और यह दुखद है कि दिल्ली पुलिस उत्पीड़कों का औजार बन गई है। मैं दिशा रवि की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करता हूं और सभी छात्रों और युवाओं से आग्रह करता हूं कि वे निरंकुश शासन के खिलाफ आवाज उठाएं।’
किसानों का समर्थन करना कोई अपराध नहीं:केजरावील
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरावील ने जलवायु कार्यकर्ता की गिरफ्तारी का विरोध किया है। उन्होंने कहा, ’21 साल की दिशा रवि की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर एक अभूतपूर्व हमला है। हमारे किसानों का समर्थन करना कोई अपराध नहीं है।’