नवादा| व्हीएसआरएस न्यूज: मास्क नहीं पहनने वाले लोगों पर प्रशासनिक सख्ती जारी है। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कन्हैया प्रसाद के नेतृत्व में नित्य शहर में अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान मास्क नहीं पहनने वाले लोगों से 50-50 रुपये जुर्माना वसूला जा रहा है। वहीं जो सही तरीके से मास्क पहने हुए नहीं मिल रहे हैं, उन्हें उठक-बैठक भी कराई जा रही है। हालांकि जुर्माना वसूलने के दौरान अधिकारियों व कर्मियों को लोगों के कोप का भी शिकार होना पड़ रहा है।
हालांकि कार्रवाई में लगे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से जनता सवाल कर रही है। पूछ रही है कि विधानसभा चुनाव के दौरान इस तरह की कार्रवाई क्यों नहीं की गई। कई लोग संपन्न विधानसभा चुनाव का हवाला देते हुए जुर्माना मांगने पर उलझ जा रहे हैं। ऐसा ही दृश्य नगर के पुरानी कचहरी रोड में देखने को मिला। बगैर मास्क पहने नवीन नामक एक शख्स यह कहते हुए अपनी भड़ास निकाल रहा था कि चुनाव में बड़ी-बड़ी सभाओं में क्यों नहीं जुर्माना लगाया गया। हालांकि पुलिसकर्मियों की सख्ती के बाद वह शांत हो गया।
आपको बताते चले कि अधिकारियों ने विजय बाजार, प्रजातंत्र चौक, मेन रोड समेत कई इलाकों में सघन अभियान चलाया। दुकानों के अंदर जाकर भी जांच की। जो दुकानदार और ग्राहक बगैर मास्क पहने पाए गए, उनसे भी जुर्माना लिया गया। अभियान के दौरान लोगों को मास्क पहनने की हिदायत दी गई। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जबतक दवाई नहीं आ जाती है, तबतक कोई ढिलाई नहीं करें। मास्क पहन कर ही घर से निकलें। शारीरिक दूरी बनाए रखें। बता दें कि पिछले कई दिनों से पूरे जिले में इस तरह का अभियान चलाया जा रहा है। मास्क नहीं पहनने वाले लोगों से जुर्माना वसूला जा रहा है।