मुंबई(व्हीएसआरएस न्यूज) एक साल पूर्व गठित उध्दव ठाकरे की सरकार विधान परिषद चुनाव की पहली परीक्षा अच्छे नंबरों से पास कर ली है। स्नातक और शिक्षक की 6 में से 4 सीटों पर आघाडी के उम्मीदवारों ने परचम लहराया। भाजपा और निर्दल के खाते में एक एक सीट आयी। चार में से कांग्रेस को 2 सीट और एनसीपी को एक सीट मिली है।
भाजपा को नागपुर में अपने ही गढ में जबर्दस्त झटका लगा है। कांग्रेस के प्रत्याशी ने भाजपा महापौर को चारों खाने चित कर दिया है। नागपुर केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का किला है। आरएसएस का मुख्यालय है। फिर भी यहां से सीट गंव दी। कांग्रेस और राकांपा का 100 प्रतिशत रिजल्ट देखने को मिला। जिनमें शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा 2 और कांग्रेस 2 सीटों पर और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना एक सीट पर चुनाव मैदान में थी। इस हिसाब से कांग्रेस और एनसीपी का रिजल्ट 100% रहा है।
कहां किसकी हुई जीत?
पुणे: महाराष्ट्र विकास अघाड़ी के उम्मीदवार अरुण लाड ने भाजपा के उम्मीदवार संग्राम देशमुख को 48,800 से अधिक मतों से हरा कर पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सीट पर जीत हासिल कर ली है।
पुणे से ही कांग्रेस के उम्मीदवार जयंत आसगावकर ने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार जितेंद्र पवार को पटखनी दी है। आसगावकर को 17117 वोट मिले हैं, जबकि पवार को 11167 वोट से संतोष करना पड़ा है।
अमरावती: निर्दलीय उम्मीदवार किरण सरनाइक यहां से विजयी हुए हैं। हालांकि, तकनीकी वजहों से उनकी जीत अभी तक आधिकारिक रूप से घोषित नहीं हुई है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी महाविकास अगाड़ी उम्मीदवार प्रो. श्रीकांत देशपांडे से 2 हजार से ज्यादा वोटों से बढ़त बनाई है। इस सीट पर भाजपा के पूर्व कृषि मंत्री अनिल बोंडे की बहन संगीता शिंदे (बोंडे) निर्दलीय मैदान में थीं। इस सीट से राकांपा के बागी चंद्रशेखर भोयर बतौर निर्दलीय मैदान में हैं।
नागपुर स्नातक क्षेत्र: कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी ने भाजपा प्रत्याशी संदीप जोशी को हराया। अभिजीत वंजारी 14407 वोटों से चुनाव जीते हैं । उन्हें 55947 मत प्राप्त हुए जबकि भाजपा उम्मीदवार संदीप जोशी को 41540 वोट मिले।
औरंगाबाद स्नातक क्षेत्र: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सतीश चव्हाण विजेता घोषित हुए हैं। भाजपा उम्मीदवार शिरीष बोरालकर को पराजित किया।
धुले-नदुरबार: यहां भारतीय जनता पार्टी ने शिवसेना से अधिक वोट हासिल कर जीत दर्ज की है। भाजपा प्रत्याशी अमरीष पटेल को 434 वोटों में से 332 वोट मिले।अभिजीत पाटिल (कांग्रेस) को मात्र 98 वोट ही मिले हैं।
उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि इस चुनाव में भाजपा की हवा निकल गई। भाजपा अपने परंपरागत सीट नागपुर को नहीं बचा सकी। भाजपा को आत्ममंथन करना चाहिए कि जनता उनकी नीतियों से कितनी नाराज चल रही है। भाजपा के बडे नेताओं के मुंह पर ताला लग गया है।