गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर थाने के एकडेरवा गांव में गुरुवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक होमगार्ड को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली होमगार्ड के पैर में लगी है। इलाज के उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर नगर इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार राय व एएसआई जितेन्द्र सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की।
पुलिस की पूछताछ में होमगार्ड ने बताया कि कुछ दिनों से वह अपनी जमीन पर मकान का निर्माण करा रहा था। इस दौरान कुछ लोग पहुंचे व रंगदारी में पांच लाख रुपये की मांग की। नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। गुरुवार को होमगार्ड मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इस दौरान दो लोग पहुंचे व रंगदारी नहीं देने की बात कह गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी होमगार्ड को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद लोगों की काफी भीड़ सदर अस्पताल में जुट गई। ऐहतियात के तौर पर पुलिस सदर अस्पताल में कैंप कर रही थी।
आपको बताते चलें कि मामले में होमगार्ड के बयान पर गांव के राजकिशोर सिंह व संजय सिंह सहित दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।