मीरगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: लोक आस्था का महापर्व छठ मीरगंज शहर व उचकागांव के ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे उल्लास के साथ मनाया गया। शहर व गांव दोनों जगहों पर छठ पूजा की धूम मची रही। छठ व्रतियों ने शुक्रवार को डूबते हुए तथा शनिवार को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। श्रद्धालुओं ने व्रत रख कर छठी मईया से अपने परिवार के लिए सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। शनिवार को उगते हुए सूर्य को अर्ध्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया। मीरगंज शहर व उचकागांव के ग्रामीण इलाकों में छठ पूजा शांति पूर्वक वातावरण में मनाए जाने की सूचना है। प्रशासन के निर्देश पर शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के छठघाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल के साथ पदाधिकारी व गोताखोर भी तैनात किए गए थे।
सबसे कड़ी सुरक्षा मीरगंज शहर के प्रज्ञा नगर के छठघाट पर की गयी थी जहां हथुआ एसडीओ अनिल कुमार रमण स्वयं घाटों की निगरानी में लगे हुए थे। साथ ही चेयरमैन मोहिता कुमारी, उपाध्यक्ष धनंजय यादव, समाजसेवी ज्वाला कुमार, थानेदार शशि रंजन कुमार, वार्ड पार्षद मिथिलेश तिवारी आदि व्यवस्था में लगे रहे। इधर ग्रामीण क्षेत्रों में छठघाटों पर साफ-सफाई के साथ सजावट की गयी थी जो लोगों के आकर्षण का केन्द्र बना हुआ था। वहीं उचकागांव के ग्रामीण इलाकों में भी छठ पूजा की धूम रही है। त्रिलोकपुर, जमसड़, लुहसी, बालाहाता, साखें खास, कैथवलिया, हरपुर,उचकागांव, डोड़ापुर,काजीपुर, असन्दापुर, दहीभाता,श्यामपुर,अरना आदि स्थानों पर छठपर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ा रहा।
दाहा नदी के किनारे हरपुर राजघाट,इटवा तथा बदरजीमी के छठघाट पर हजारों छठव्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। घाट पर व्रतियों की सेवा तथा व्यवस्था में समाजसेवी व पैक्स अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह लगे रहे। वहीं कैथवलिया के युवा समाजसेवी अमित कुमार सिंह भी व्रतियों की सेवा में अपना योगदान दिया। इनके द्वारा स्टॉल लगाए गए थे जहां व्रतियों के लिए खास इंतजाम किए गए थे। वहीं त्रिलोकपुर के छठघाठ पर प्रखंड प्रमुख कालीकेश्वर रावत के नेतृत्व में घाटों पर सजावट की गई।