फुलवरिया। व्हीएसआरएस संवाददाता: सड़क दुर्घटना में मौत के बाद मृतक युवक का शव शुक्रवार को घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। युवक की पत्नी ,व माता पिता दहाड़ मारकर रोने लगे ।मृतक युवक थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव के निवासी सत्यनारायण सिंह का पुत्र 25 वर्षीय अजय कुमार सिंह की मौत गुरुवार की देर शाम उत्तर प्रदेश के देवरिया शहर से वापस लौटने के क्रम में भोरे थाना क्षेत्र के कुकुरभूंका गांव के समीप मुख्य सड़क पर हो गई थी। घटना के बाद चिंता जनक स्थिति में गुरुवार को ही गोरखपुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के लिए डॉक्टरों ने रेफर कर दिया था। जहां डॉक्टरों ने जांचोंपरांत युवक को मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद शुक्रवार की सुबह युवक का शव एंबुलेंस द्वारा घर पहुंचा।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि अजय अपने गांव के ही दो साथियों धर्मेंद्र शर्मा व हरेंद्र सिंह के साथ देवरिया शहर में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। तीनो एक साथ दो बाइक पर सवार होकर छठ पर्व के लिए पूजा की सामग्री खरीद कर घर आ रहे थे। इसी क्रम में भोरे विजयीपुर मुख्य सड़क पर कुकुर भूंका गांव के समीप सड़क के किनारे अपनी बाइक खडा कर बात कर रहे थे कि तेज गति से आती हुई एक स्कार्पियो ने उन्हें कुचल डाला। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने तीनो घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल भोरे में दाखिल कराया। जहां स्थिति नाजुक देख डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया। जहां अस्पताल पहुंचते ही अजय कुमार सिंह ने दम तोड़ दिया, वही उसके अन्य दो साथी जीवन और मौत से जूझ रहे हैं।
युवक अजय कुमार सिंह की पत्नी सुमित्रा देवी पति की मौत की खबर सुनकर दहाड़ मारकर जमीन पर गिर पड़ी। जो अब तक तुक बेहोश पड़ी हुई है। वही माता शुकवरिया देवी व पिता सत्यनारायण सिंह बेटे की मौत को भुला नहीं पा रहे हैं। घटना की सूचना पर नवनिर्वाचित विधायक राजेश कुमार सिंह, मनोज कुमार सिंह, रामायण सिंह व तुलसी सिंह सहित अनेको लोग मृतक के परिजनों से मिलकर सांत्वना देने में लगे हैं। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया है।