गोपालगंज। व्हीएसआरएस न्यूज:कुचायकोट थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में नाली साफ करने को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्ष के लोग आपस में उलझ गए। इस बीच दोनों ओर से हुई मारपीट में चार महिलाओं सहित 12 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को आसपास के लोगों ने इलाज के लिए कुचायकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां तीन लोगों की हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, कुचायकोट थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी नागेंद्र बैठा और संतोष राय के परिवार के बीच काफी पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार की सुबह नाली को साफ करने के विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। गालीगलौज से प्रारंभ हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट में तब्दील हो गया। इस घटना में एक पक्ष से चार महिलाओं समेत आठ लोग तथा दूसरे पक्ष के चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुचायकोट ले जाया गया। वहां तीन की स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने सदर अस्पताल, गोपालगंज रेफर कर दिया।
घायलों में पकड़ी गांव निवासी लाल मुनी कुंवर, चंद्रमोहन बैठा, इंद्रपति देवी, प्रीति कुमारी, प्रेमा कुमारी, नागेंद्र बैठा, अशोक बैठा, पप्पू बैठा, संतोष राय, अरविद राय और संदेश राय शामिल हैं। इसमें नागेंद्र बैठा, अशोक बैठा एवं पप्पू कुमार की स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद कुचायकोट थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए तथा घटना की छानबीन शुरू कर दिया।