- नई पारी की शुरुआत पौधा लगाकर ही करेंगे
हथुआ। व्हीएसआरएस संवाददाता: बारात के स्वागत की तैयारी चल रही थी। सभी रस्मों को निभाया जा रहा था। सभी सज धज कर तैयार हो रहें थे। तभी दुल्हन अपने सहेलियों के साथ हाथ में पौधे लिए घर से बाहर निकलती है और पौधा लगाकर पर्यावरण बचाने का संकल्प लेती है। यह देख सभी अचरज में पड़ जाते है कि आखिल आज सात फेरे लेने वाली दुल्हन सात पौधे लगाकर क्या संदेश दे रही है।
स्थानीय प्रखंड के बरवा गांव निवासी संजय श्रीवास्तव की पुत्री अदिति अपने दूल्हे राजा के साथ सात फेरे लेने के पूर्व सात पौधे लगाकर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। हथुआ के बंगाली लेन निवासी डॉ अमरेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव के दूसरे पुत्र आयुष की शादी अदिति से बीती रात्रि हुई। इस शादी में अदिति ने अनूठी पहल करते हुए अपने सहेलियों के साथ सात पौधे लगाकर अपने पति के साथ शादी के मंडप में सात फेरे लिए।
इसकी चर्चा चहुओर होने लगी है। अदिति कहती है कि जीवन हमेशा खुशहाल बना रहे इसी के लिए मैंने सात पौधे लगाई। ऐसा कार्य सबको करना चाहिए। मौके पर मौजूद पर्यावरण मित्र डॉ सत्य प्रकाश भी पौधरोपण के साक्षी बने।
इन्होंने अदिति के इस साहस भरे कदमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहल सबको करनी चाहिए। यह जीवन बचाने जैसा कार्य है। इस मौके पर दुल्हन आदिति के साथ मिली, आयुषी, निष्ठा, अंशी, रुनु, यशी, अनिल कुमार श्रीवास्तव, वृजानंद सिंह, अंकिता, ममता, सरिता, बबीता, सुजाता, मधु, पम्मी, इंदु आदि ने पौधरोपण में शामिल हुए।