गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के भोरे थाना क्षेत्र के सिसई टोला सिसवन गांव में नव विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज मामले की जांच में जुट गई है। मृतका भोरे थाना क्षेत्र के सिसई टोला सिसवन गांव निवासी राजेश कुशवाहा की 25 वर्षीय पत्नी पुनीता देवी थी।
घटना के सम्बन्ध में बताया जाता है कि मृतका पुनिता की शादी दो मई 2023 को राजेश कुशवाहा के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार परिवार के लोगों ने ससुराल वालों के मांग के अनुसार दान-दहेज दिया था।
मृतका के भाई ने बताया कि शादी के बाद उसकी बहन को प्रताड़ित किया जाता था। साथ ही सोने की चेन और दो लाख रुपए की मांग की जाती थी। आपसी समझौता के बाद मामला शांत हुआ। लेकिन 12 सितंबर को वह अपने मायके आई थी और 25 सितंबर को उसके पति वापस अपने साथ यूपी ले गए। इस दौरान उसके पति को सोने की अंगूठी दी गई।
जिसके बाद वह अपने ससुराल चली गई। इसी बीच रात को मृतका के भैंसूर ने फोन कर जानकारी दी कि उसकी मौत हो गई। जब घर पहुंचे तो मृतका के मामा जो उसी गांव में रहते हैं उसने पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मृतका के भैंसूर ने बताया कि उनलोगों पर लगाए गए सभी आरोप गलत हैं। उसे टाइफाइड फीवर था। जिसका इलाज चल रहा था। इसी बीच उसकी स्थिति खराब हो जाने के कारण डॉक्टर के यहां लेकर जा रहे थे। तभी रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बावजूद डॉक्टर के पास गए तो डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।