गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद के स्टार प्रचारक तेजस्वी यादव ने अपने मामा साधु यादव पर निशाना साधा है। तेजस्वी ने गोपालगंज में जहां ताबड़तोड़ पांच चुनावी रैलियां की वहीं इस दौरान उनके निशाने पर उनके मामा साधु यादव भी रहे।तेजस्वी यादव ने लोगों से अपने मामा के खिलाफ वोट करने की अपील की है। अपने सगे मामा साधु यादव का नाम लिए बिना तेजस्वी यादव ने कहा कि दातुन तोड़ने के चक्कर में लोग पेड़ को मत उखाड़ लें। वो साधु यादव के खिलाफ कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में जनता से वोट करने की अपील कर रहे थे।
तेजस्वी यादव ने सभा में नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला। वो बुधवार को गोपालगंज विधानसभा के जादवपुर हाई स्कूल मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 15 साल में उनके शासनकाल में बिहार में जो विकास हुआ उसके बाद विकास ठप्प हो गया। तेजस्वी यादव ने कहा कि फुलवरिया में उन्होंने रेलवे स्टेशन बनाया, प्रखंड कार्यालय बनाये। यहां स्कूल-कॉलेज खोले. विकास कार्य के जितने भी काम किए वो हाल के नीतीश सरकार के 15 साल के शासन काल में विकास कार्य ठप्प हो गया है।
वहीं हथुआ विधानसभा क्षेत्र के बड़का गांव बाजार स्थित मुक्ति आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 15 वर्षों के शासनकाल में बिहार बदहाल हो गया है। बिहार की जनता के समक्ष परिवर्तन के आलावे अन्य विकल्प नहीं है। अंत में उन्होंने पार्टी के जिलाध्यक्ष हथुआ विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी राजेश कुमार सिंह कुशवाहा को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान उपस्थित जनता से करते हुए उन्हें जीत का माला पहनाया।
आपको बताते चलें कि तेजस्वी यादव के मामा साधु यादव गोपालगंज विधानसभा सीट से बसपा के प्रत्याशी हैं। यहां पर महागठबंधन से कांग्रेस के उम्मीदवार आसिफ गफूर हैं जिनके लिए तेजस्वी यादव सभा कर रहे थे। तेजस्वी यादव ने बुधवार को गोपालगंज और हथुआ के अलावा कुचायकोट, बरौली, और कटेया में जनसभा को संबोधित किया।