Mumbai News मुंबई(व्हीएसआरएस न्यूज) बेमौसम बारिश की मार झेल रहे किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार ने करीब 178 करोड़ रुपये की मदद की है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस किसानों का हालचाल जानने के लिए एक बार फिर मैदान में उतर गए हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री शिंदे ने नाशिक जिले का दौरा किया, वहीं उप मुख्यमंत्री फडणवीस अमरावती जिले पहुंच गए। मुख्यमंत्री शिंदे ने सोमवार को समीक्षा बैठक की, जिसमें उन्होंने प्रभावित किसानों को तत्काल राहत देने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री को बताया गया कि 4 से 8 मार्च तथा 16 से 19 मार्च के बीच हुई बेमौसम बारिश के कारण फसलों को नुकसान हुआ है। सरकार ने बेमौसम बारिश को आपदा के रूप में घोषित किया है।
जिन क्षेत्रों में 33 फीसदी से अधिक फसलों को नुकसान पहुंचा है, उन क्षेत्रों में निर्धारित दर पर किसानों को राहत प्रदान की जाएगी। मार्च में बेमौसम बारिश के कारण किसानों को सहायता प्रदान करने के लिए सभी विभाग आयुक्तों से प्रस्ताव मंगाए गए थे। सोमवार को प्रभावित जिलों के किसानों के लिए 177 करोड़, 80 लाख, 61 हजार रुपये की राशि का वितरण करने की जानकारी दी गई। इसमें अमरावती विभाग को 24 करोड़, नाशिक को 63 करोड़, पुणे विभाग को 5 करोड़, छत्रपति संभाजी नगर विभाग को 84 करोड़ रुपये देने की जानकारी दी गई।
पांच जिलों में 7400 हेक्टेयर फसलों को नुकसान
बेमौसम बारिश के कारण पश्चिमी विदर्भ के पांच जिलों में 7400 हेक्टेयर फसलों को नुकसान हुआ है। ऐसी जानकारी उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दी है। रुक-रुक कर हो रही बारिश से अमरावती, अकोला, यवतमाल, वाशिम और बुलढाणा जिलों में फसलें अधिक प्रभावित हुई हैं। सोमवार को फडणवीस ने अमरावती जिले में समीक्षा बैठक करने के बाद पत्रकारों को बताया कि 7400 हेक्टेयर से अधिक की फसल क्षतिग्रस्त हो गई हैं। 3,243 हेक्टेयर में क्षति का आकलन पूरा हो गया है।