Pune News पुणे(व्हीएसआरएस न्यूज) पटना,मुंबई और पुणे से डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने सोने की बड़ी खेप बरामद की है। तीनों शहरों से 101.7 किलोग्राम गोल्ड के साथ 10 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें से 7 सूडानी नागरिक हैं। सोने की इस खेप को नेपाल बॉर्डर से तस्करी करके देश के विभिन्न शहरों में ले जाया जा रहा था। डीआरआई ने पटना रेलवे स्टेशन से 37 किलोग्राम, मुंबई के रेलवे स्टेशन से 38 किलोग्राम गोल्ड बरामद किया गया। बाकी का सोना मुंबई में अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी के दौरान मिला। साथ ही पुणे से भी बस में ले जाया जा रहा 5.6 किलोग्राम सोना जब्त किया गया। जब्त सोने की कुल कीमत 51 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
डीआरआई ने मंगलवार को बताया कि गोल्ड को अधिकतर पेस्ट के रूप में भारत-नेपाल सीमा के जरिए तस्करी कर पटना लाया गया। इसके बाद यहां से ट्रेन और हवाई मार्ग के जरिए मुंबई समेत देश के विभिन्न शहरों में पहंचाया जा रहा था। पटना में डीआरआई के अधिकारियों ने एचटी को बताया कि उन्होंने 19 फरवरी की देर रात तीन सूडानी नागरिकों को पकड़ा। वे पटना जंक्शन से मुंबई जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे। उनके पास 40 पैकेटों में 37.126 किलोग्राम वजन वाले सोने का पेस्ट बरामद किया गया। ये उन्होंने स्लीवलेस जैकेट के अंदर छुपा रखा था। इनमें से एक सीमा क्षेत्र में तस्करी को मैनेज करने वाला हैंडलर है, जो सोने को लाने-जाने की व्यवस्था करता था।
इसके बाद 20 फरवरी को पुणे में हैदराबाद से मुंबई जा रही एक बस से दो सूडानी महिलाओं को 5.615 किलोग्राम सोने के साथ गिरफ्तार किया गया। वे अपने हैंडबैग में गोल्ड छुपाकर ले जा रही थीं। इस दौरान पटना से दो सूडानी नागरिक ट्रेन से सोने की एक और बड़ी खेप लेकर मुंबई पहुंच गए। डीआरआई ने मुंबई रेलवे स्टेशन पर 20 फरवरी को उन्हें रोका और उनके पास से 40 पैकेटों में 38.76 किलोग्राम सोने का पेस्ट बरामद किया गया। इसके बाद तस्करों और गुप्त सूचना के आधार पर मिले सुरागों की निशानदेही पर कार्रवाई करते हुए डीआरआई अधिकारियों ने मुंबई में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान 74 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा और 63 लाख रुपये भारतीय मुद्रा के साथ 20.2 किलोग्राम सोना बरामद किया गया। इस गोल्ड को तस्करी करके लाया गया था। डीआरआई ने मुंबई में छापेमारी के दौरान तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया।
डीआरआई ने देश में विदेशी मूल के सोने की तस्करी के अलग-अलग तरीकों का पता लगाया है। टीम को पता चला कि भारत में उत्तर-पूर्वी इलाके से गोल्ड तस्करी करके लाया जाता है। या फिर कूरियर कंपनियों या लोगों के जरिए बसों, ट्रेनों और फ्लाइट्स में छुपाकर इन्हें देश के विभिन्न शहरों में पहुंचाया जाता है। इसके साथ ही तस्कर तमिलनाडु के तट पर समुंदर में तस्करी करके लाया जाने वाला सोना फेंक देते हैं, फिर मुछाआरों की नावों के जरिए इसे इकट्ठा करके लाया जाता है। डीआरआई ने कहा कि अभी जांच जारी है। आगे इस गिरोह में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।