गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के राजापुर नहर के पास रविवार की सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक उचकागांव थाना क्षेत्र के जमसड़ी गांव के श्रीराम आवास यादव का पुत्र सोनू कुमार यादव था। घायल युवक चंदेश्वर यादव का पुत्र हरीश चंद्र यादव बताया गया है। इलाज के लिए उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के संबंध में बताया गया है कि रविवार की सुबह सोनू और हरीश चंद्र यादव एक बाइक पर सवार होकर यूपी में यूरिया की खरीदारी वापस घर लौट रहे थे। वे जैसे ही गोपालपुर थाना क्षेत्र के राजापुर नहर के समीप पहुंचे की अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार सोनू की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं बाइक पर सवार दूसरा युवक जख्मी हो गया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। इसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी संख्या में भीड़ जुट गई। लोगों ने अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत होने की सूचना गोपालपुर थाना की पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया। वहीं मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मृतक और घायल के परिजन सदर अस्पताल में पहुंच गए। जहां डॉक्टरों ने शव का पोस्टमार्टम किया। फिर पुलिस ने शव को परिजनों के हवाले कर दिया।
उधर मृतक का शव उसके दरवाजे पर जैसे ही पहुंचा कि उसे दिखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। आसपास के लोग परिजनों को समझाने की कोशिश कर रहे थे। मगर उनके आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा था। गोपालपुर थानाध्यक्ष प्रेम प्रकाश राय ने बताया कि मामले में मृतक के परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।