- मृतका की पत्नी के बयान पर नौ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज, एक गिरफ्तार।
गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के बरौली थाने के माधोपुर ओपी के कल्याणपुर टोला मथुरापुर गांव में रविवार की रात करीब 12 बजे एक वृद्ध की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक 60 वर्षीय शेख तस्लीम मियां थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई। हत्या के मामले में एक नामजद आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।
घटना के संबंध में बताया गया है कि रविवार की रात करीब 12 शेख तस्लीम मियां अपने घर पर सोए थे। सरकारी जमीन के विवाद को लेकर उनके पड़ोस के लोग उनके घर पहुंचे और सोए हालत में उनके ऊपर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो उनके ऊपर भी हमला कर दिया गया। जिससे परिवार के आठ लोग भी घायल हो गए। गंभीर रूप से जख्मी वृद्ध समेत अन्य लोगों को इलाज के लिए बरौली पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां ले जाने के दौरान वृद्ध की मौत रास्ते में हो गई।
वहीं अन्य घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई। वहीं मृतका की पत्नी के बयान पर मामले में नौ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उधर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया।