गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के बरौली थाना क्षेत्र के सोनवर्षा पेट्रोल पंप के समीप शनिवार की देर रात सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक बरौली थाना क्षेत्र के ही मिर्जापुर गांव का वीरेंद्र यादव था। जबकि घायल बरौली थाना क्षेत्र के ही मिर्जापुर गांव के रहने वाले विनय सिंह बताया गया है। मृतक का शव पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया। जबकि घायल विनय सिंह का इलाज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मिर्जापुर गांव के रहने वाले विनय सिंह किसी पंचायती से वापस अपने घर बाइक पर सवार होकर आ रहे थे। इस बीच वे जैसे ही सोनवर्षा पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे की सड़क पार कर रहे वीरेंद्र यादव को उनकी बाइक से धक्का लग गया। जिससे दोनों घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए बरौली सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल में रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाज के दौरान वीरेंद्र यादव की मौत हो गई। जबकि विनय सिंह का इलाज किया जा रहा है। वीरेंद्र यादव का शव पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद उनके परिवार के सदस्यों के हवाले कर दिया। उधर से पहुंचते हैं वीरेंद्र यादव के घर कोहराम मच गया। परिवार के सदस्य रो बिलख रहे थे।