आगरा| व्हीएसआरएस संवाददाता: कल बुधवार को ओडिशा से तस्करी करके लाए गए 120 किलोग्राम गांजे के साथ हरीपर्वत पुलिस ने चार आरोपितों को कार समेत गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनके तीन साथी बाइपास स्थित फुट ओवरब्रिज के पास नेहरू नगर मोड़ पर पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। गांजा कंटेनर में आगरा मंगाया गया था, जिसे दिल्ली व गाजियाबाद में नशे के सौदागरों को बेचा जाना था।
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अतवीर सिंह गिरोह का सरगना है। वह फेज-दो बुद्ध विहार ब्लाक-सी सुल्तानपुरी वेस्ट दिल्ली में रहता है। सरगना मूलरूप से बुलंदशहर के थाना शिकारपुर के गांव मानपुर भाेजपुर का रहने वाला है। गिरफ्तार अन्य आरोपितों के नाम संदीप सिकरवार, देव सिंह निवासी कौलारां कला डौकी, संतोष तोमर निवासी गांव मणि डौकी है। इनमें संदीप सिकरवार वर्तमान में विजय विहार, फेज-दो थाना रोहिणी दिल्ली में रहता है।
एसपी सिटी ने बताया कि तस्करों के तीन साथी महिपाल निवासी विजय मलेहला डौकी, विष्णु निवासी कौलारां कला डौकी और रवि निवासी खंदौली मौके से भाग निकले। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार और एसआइ मोहित कुमार ने आरोपिताें की कार की तलाशी ली। उसमें 120 किलाेग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस पूछताछ में अतवीर ने बताया कि वह यह काम कई साल से कर रहा है।
इस बारे मे अतवीर ने पुलिस को बताया कि ओडिशा में एक लाख रुपये कुंतल गांजा मिलता है। वह ओडिशा से कुछ कंटेनर चालकों के माध्यम से गांजा मंगाता है। जिसे आगरा में उतारने के बाद दिल्ली व गाजियाबाद ले जाकर नशे के सौदागरों को तीन से चार गुना कीमत पर बेचते हैं।
इस बार भी 210 किलोग्राम गांजा कंटेनर में मंगाया गया था। बरामद गांजा वह गाजियाबाद और दिल्ली लेकर जा रहे थे। बाकी 90 किलोग्राम गांजा फरार आरोपितों के पास है। एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया वांछितों की तलाश की जा रही है।