गोपालगंज| व्हीएसआरएस संवाददाता: शिक्षा विभाग कार्यालय में स्थित जिला केंद्रीय पुस्तकालय की दशा अब बदलेगी। जिला पदाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी के निर्देश पर जिला शिक्षा विभाग इस पुस्तकालय के दशा को बदलने में जुट गया है। रविवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी राज कुमार शर्मा के देखरेख में डीपीओ स्थापना मनीष कुमार सिंह, डीपीओ माध्यमिक शिक्षा बृजेश कुमार, डीपीओ सर्व शिक्षा अभियान अशोक पांडेय, डीपीओ मध्यान भोजन योजना साहेब आलम,
शिक्षक व सामाजिक कार्यकर्ता अनवर हुसैन, एजाजुल हक, पुस्तकालयध्य्क्ष तारकेश्वर कुमार, भारत स्काउट गाइड रवि कुमार, शिक्षा विभाग के कर्मी व स्काउट सदस्यों ने रविवार को जिला केंद्रीय पुस्कालय में साफ सफाई में हिस्सा लिया। सभी पदाधिकारियों सहित सभी कर्मियों ने साफ सफाई में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।
स्वयं ज़िला शिक्षा पदाधिकारी व सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारियो ने ना सिर्फ खुद अपने हाथों से झाड़ू लगाकर पुस्तकालय की साफ सफाई की। बल्कि दीवारों व मेजों पर पड़ी धूल की परतों व छतों पर लगे झालो को भी साफ किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकों का हमारे जीवन में बहुत महत्व है। इसलिए इस पुस्तकालय को संजो कर रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी राज कुमार शर्मा व डीपीओ मनीष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि अब यह पुस्तकालय नियमित रूप से नए सुविधाओ के साथ सुचारू रूप से चलेगा। पुस्तकालय में बिजली,पंखा,पानी इत्यादि की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय को सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी पदाधिकारियों के साथ साथ आम अवाम से भी सहयोग लिया जाएगा।
इसके लिए सभी अपने अपने स्तर से सहयोग करेंगे। इसके साथ ही पुस्तक दान अभियान की भी शुरुआत की गई। डीईओ व सभी डीपीओ ने आम जन से पुस्तक दान अभियान में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि आप ना सिर्फ पुरानी, नई पुस्तकों को दान कर सकते हैं बल्कि पुरानी अलमारी,कुर्सी,मेज इत्यादि भी इस पुस्तकालय को दान कर सकते हैं।