गोपालगंज| व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के बरौली थाना क्षेत्र के बतरदेह गांव में तालाब में डूबने से एक रिटायर वायु सेना के जवान की मौत हो गई। मृतक अभय सिंह उर्फ शशि सिंह था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन करने में जुट गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सोमवार की रात रिटायर वायु सेना के जवान शशी सिंह खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकले हुए थे। इस बीच में तालाब में डूब गए। उधर परिजन उनके घर पर आने की राह देख रहे थे। काफी देर बीत जाने के बाद भी जवान जब घर नहीं पहुंचा तो परिवार के सदस्य उनकी खोजबीन करने में जुट गए। लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। मंगलवार की सुबह गांव के लोगों ने बतरदेह गांव में स्थित तालाब में रिटायर जवान शशि सिंह के शव को देखा।
इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने परिवार के सदस्य व बरौली थाना की पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद बरौली थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार साह पुलिस बल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। साथ ही परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच कर शव की पहचान की। पहले तो लोगों में चर्चा थी कि रिटायर सेना के जवान की हत्या करने के बाद शव को तालाब में फेंक दिया गया है। लेकिन पुलिस जब मामले की छानबीन करने के लिए पहुंची तो पता चला कि उनकी मौत तालाब के पानी में डूबने से हुई है।
उधर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने परिवार के सदस्यों के हवाले कर दिया। शव जैसे ही दरवाजे पर पहुंचा कि परिवार के सदस्यों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। परिवार के सदस्य दहाड़ मार कर रोने लगे।