गोपालगंज। व्हीएसआरएस न्यूज: जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के खुशीहाल छापर गांव में एक विवाहिता की उसके ससुराल वालों ने जलाकर हत्या कर दी। मृतका अनिल कुमार राम की पत्नी पुष्पा देवी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन करने में जुट गई है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि फुलवरिया थाना क्षेत्र के करिया ठकुराइ गांव के लाल बाबू राम की पुत्री पुष्पा देवी की शादी 2 वर्ष पूर्व खुशहाल छापर गांव अनिल कुमार राम के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल वाले दहेज के लिए उसके साथ मारपीट कर रहे थे। मारपीट की सूचना विवाहिता ने अपने मायके वालों को दी थी। इसके बाद भी ससुराल वाले दहेज के लिए अक्सर उसे प्रताड़ित करते रहते थे। गुरुवार की सुबह महिला के शरीर पर उसके ससुराल के लोगों ने मिट्टी तेल छिड़ककर आग लगा दी। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। झुलसी महिला को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज के क्रम में विवाहिता ने दम तोड़ दिया।
मीरगंज थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस की टीम मामले की छानबीन कर रही है। इस मामले में मायके वालों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ससुराल वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।