रक्सौल| व्हीएसआरएस न्यूज: रामगढ़वा थाना क्षेत्र के चम्पापुर पंचायत के मनना गांव में अज्ञात अपराधियों ने 35 वर्षीय पन्नालाल साह की गोली मारकर हत्या कर दी । घटना गुरुवार की सुबह करीब 5 बजे की है। घटना की सूचना पर रामगढ़वा थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक पिस्तौल व एक खोखा को बरामद किया है। वहीं घटना के बाबत मृतक के भाई मोहनलाल साह ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे मनरेगा पार्क के समीप अपने खेत में गेहूं की फसल काटने गया था। उसी समय अज्ञात अपराधियों ने उसे गोली मार दी।
करीब साढ़े पांच बजे ग्रामीण पार्क में गए, तो वहां पन्नालाल को बेहोश और खून से लथपथ पड़ा देखकर हल्ला किया। उसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से रक्सौल इलाज हेतु ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत रास्ते में हो गयी। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा फैल गया। मृतक अपने दो अन्य भाइयों के साथ टाइल्स पत्थर का काम करता था।
वही मृतक को दो पुत्री व एक पुत्र है। मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि घटना में प्रयुक्त देशी पिस्तौल व खोखा को जब्त कर लिया गया है और शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मोतिहारी भेज दिया है।