नवादा। व्हीएसआरएस न्यूज: सकरा मोड़ के पास पुलिया के नीचे से आज मंगलवार की सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान इसी थाना क्षेत्र के हदसा निवासी स्व राजेश यादव के 35 वर्षीय पुत्र पिंटू यादव के रूप में की गई। वह सोमवार शाम अपने ससुराल जा रहा था। ससुराल से करीब एक किलोमीटर दूर उसका शव मिला। घटना के विरोध में ससुराल पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। उनलोगों ने सड़क जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक लोगों ने आवागमन बाधित रखा।
रिश्तेदार के घर से जा रहा था ससुराल
मिली जानकारी अनुसार पिंटू यादव अपने एक मित्र के साथ थाना सोमवार को धनवां गांव में अपने रिश्तेदार के यहां आया था। शाम को वह अपने ससुराल थाना क्षेत्र के खानपुर गांव के लिए चला। वह पैदल ही जा रहा था।
वहीं मंगलवार की सुबह जब लोग शौच के लिए बाहर निकले तो पुल के नीचे शव देखकर वे सन्न रह गए। शोर मचाने पर काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। इसकी सूचना थाने को दी गई। जब काफी लोग पहुंचे तो मृतक की पहचान खानपुर निवासी रामाशीष यादव के दामाद के रूप में की गई। घटना स्थल पर पुलिस के आने के पूर्व ही ससुराल पक्ष के लोगों ने शव को लेकर हिसुआ-नवादा सड़क को जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के घर-परिवार के लोग भी पहुंच गए। शव देख वे विलाप करने लगे।
एसडीपीओ के समझाने पर शांत हुए ग्रामीण
थानाध्यक्ष राजीव कुमार पटेल के लाख समझाने के बाबजूद हत्यारे की गिरफ्तारी, मुआवजा एवं वरीय पदाधिकारी को बुलाने की मांग पर ग्रामीण अड़ गए। सूचना पर सदर एसडीपीओ उपेंद्र कुमार यादव पहुंचे। उन्होंने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। जाम हटते ही पुलिस ने शव को पोस्मार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया। एसडीपीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।