गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र के जोगिरहा गांव में दहेज में बाइक व सोने की चेन नहीं मिलने पर एक महिला की मारपीट कर हत्या कर दी गई। मृतका का जोगिरहा गांव के निजामुद्दीन मियां की पत्नी अफसाना खातून थी।
मिली जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलने के बाद महम्मदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया। मृतका की मां व सिवान जिले के जामो थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासी ने बताया कि उसकी पुत्री की शादी 5 वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। बाद में आपसी सुलह समझौता के आधार पर मामला शांत हुआ था। लेकिन फिर अफसाना खातून के ससुराल वाले दहेज में बाइक व सोने की चेन की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। मारपीट के दौरान ही सोमवार कि उसकी हत्या कर दी गई। महम्मदपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश पांडेय ने बताया कि इस मामले में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
उन्होंने बताया कि महिला की हत्या करने वाले लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर अफसाना खातून की मौत के बाद उसके मायके के लोगों में कोहराम मचा हुआ है। परिवार के सदस्य रो-बिलख रहे हैं।